उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) इस वर्ष का राष्ट्रीय क्रांतिवीर अवार्ड पद्मश्री श्री सुशील दोषी को मालवा के सुप्रसिद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाजसेवी, लेखक, पत्रकार रामचन्द्र रघुवंशी काकाजी की स्मृति में 4 अप्रैल शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय क्रांतिवीर अलंकरण समारोह में 28वां राष्ट्रीय क्रांतिवीर अवार्ड पद्मश्री श्री सुशील दोषी को दिया जायेगा।
28वें राष्ट्रीय क्रांतिवीर अवार्ड की विस्तृत जानकारी देते हुए संयोजक द्वय डॉ. प्रकाश रघुवंशी एवं ओमप्रकाश खत्री ने बताया कि राष्ट्रीय चेतना के भाव को जगाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए श्री सुशील दोषी ने भारत के खेल जगत में राष्ट्र को ऊँचाईयों की ओर ले जाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। क्रिकेट खेल की भारत में सबसे प्रथम हिन्दी में कमेन्ट्री कर क्रिकेट को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है, जो अविस्मरणीय है। भारतवासी इस कार्य को सदैव स्मरण करते रहेंगे। स्वतंत्रता संग्राम सैनानी रामचन्द्र रघुवंशी स्मरण समिति ने इस वर्ष श्री दोषी को राष्ट्रीय क्रांतिवीर अवार्ड से अलंकृत करने का निर्णय लिया है।
मालवा के सुप्रसिद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाजसेवी, लेखक एवं पत्रकार रामचन्द्र रघुवंशी काकाजी के पुण्य स्मरण दिवस 4 अप्रैल को इस आयोजन की शुरुआत 1999 में की गई। जिसमें आज़ाद भारत में राष्ट्रीय चेतना के भाव को जाग्रत करने में किसी भी क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाला व्यक्तित्व इस अलंकरण का हकदार मानकर विगत 27 वर्षों से आयोजन समिति ने मेग्सेसे अवार्ड से पुरस्कृत पानी बाबा राजेन्द्रसिंह, समाजसेवी अभिनेता सुनील दत्त, डॉ. किरण बेदी, नोबल पुरस्कार अभिनन्दित कैलाश सत्यार्थी, समाजसेवी मेधा पाटकर, पद्मभूषण स्वामी सत्यमित्रानंद जी, डॉ. बिन्देश्वरी पाठक, डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी सहित देश की ख्यातीनाम हस्तियों को क्रांतिवीर अलंकरण से सम्मानित करते आये हैं। कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष भरतपुरी महाश्वेता नगर स्थित सामाजिक शोध संस्थान में शनिवार, 4 अप्रैल 2026 को सायं 6.30 से गोधुली बेला में किया जायेगा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अमित शर्मा राष्ट्रीय गीतों की प्रस्तुति देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति प्रतिभा रघुवंशी का दल वंदना की प्रस्तुति देगा। इस अवसर पर सेवाधाम के बच्चों द्वारा भी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जायेगी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनामिका शर्मा द्वारा किया जायेगा।
कार्यक्रम की आयोजन समिति के अन्य सदस्य सुरेन्द्र काबरा, अभिषेक सिंह सिसोदिया, संजय जोशी एवं संजय भदौरिया ने नगर के गणमान्यजनों से अपील की है कि अधिक से अधिक तादात में अपनी उपस्थिति देकर कार्यक्रम को सफल बनाये।
