उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) क्षेत्र के प्रतिष्ठित पहलवान स्व. चुन्नी पहलवान यादव और स्व. कमल पहलवान यादव की स्मृति में 10 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय पंजा कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश पंजा कुश्ती संघ भोपाल के मार्गदर्शन और उज्जैन जिला पंजा कुश्ती संघ के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
संघ के अध्यक्ष गोपाल यादव और सचिव प्रतीक सिंह तोमर ने बताया कि इस रोमांचक प्रतियोगिता में उज्जैन जिले के महिला और पुरुष खिलाड़ी विभिन्न भार वर्गों के तहत कड़े मुकाबलों में अपनी ताकत व कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना और खेल को बढ़ावा देना है।
विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता रहने वाले महिला व पुरुष खिलाड़ियों को आकर्षक शील्ड, मेडल और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक आयु वर्ग में चैंपियन ऑफ चैंपियंस को नकद पुरस्कार, आकर्षक ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ खेल जगत से जुड़े गणमान्य नागरिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी दीप प्रज्वलित कर करेंगे।
पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में भारी उत्साह है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
