खड़े हनुमान विवाद में भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल के बिगड़े बोल,  “संतों और श्रद्धालुओं को कहा दुकानदार” कांग्रेस ने की कड़ी निंदा

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) उज्जैन में खड़े हनुमान मंदिर के विस्थापन को लेकर चल रहे विवाद में भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल के एक बयान पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। अग्रवाल द्वारा मंदिर का समर्थन कर रहे लोगों को दुकानदार बताने पर शहर कांग्रेस ने कड़ी निंदा करते हुए उन्हें अपरिपक्व नेता करार दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि अग्रवाल संतों और हनुमान भक्तों का अपमान कर रहे हैं और पूर्व में महाकाल का प्रसाद भी झूठा कर चुके हैं।

संजय अग्रवाल ने बयान दिया था कि मंदिर हटाने में हो रही देरी के पीछे वे लोग हैं जिनकी दुकान नहीं चल रही है या जिन्हें जनता पूछ नहीं रही है। उन्होंने विधायक चिंतामणि मालवीय को भी अपने क्षेत्र की चिंता करने और दूसरी जगह ध्यान न देने की बात कही थी।
इस बयान को लेकर कांग्रेस नेता मुकेश भाटी ने आरोप लगाया कि खड़े हनुमान मंदिर में सेवा करने वाले और धर्म की लड़ाई लड़ने वाले संतों और वहां पहुंच रहे हनुमान भक्तों को भाजपा नगर अध्यक्ष दुकानदार बता रहे हैं। किसी भी व्यक्ति या संत-महात्मा को इस तरह दुकानदार कहना शर्मनाक है और कांग्रेस पार्टी इसकी कड़ी निंदा करती है।
महाकाल के प्रसाद को झूठा करने का आरोप
कांग्रेस ने संजय अग्रवाल पर धर्म में शुरू से विश्वास न होने का गंभीर आरोप लगाया है। मुकेश भाटी ने कहा कि भगवान के प्रसाद के साथ चने की दाल खाकर अग्रवाल ने महाकाल मंदिर के प्रसाद को झूठा किया था। कांग्रेस का कहना है कि बिना राजनीतिक सूझबूझ वाले ऐसे अपरिपक्व व्यक्ति को भाजपा ने अध्यक्ष बना दिया है, धर्म का नाश हो का नारा लगाने वाले अग्रवाल के इन बयानों की कांग्रेस पार्टी ने कड़ी निंदा की है।
सांकेतिक चित्र-