हालात बिगड़ने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो यादव महासभा के लोग पुलिस की तीन बैरिकेडिंग तोड़कर फोरलाइन ब्रिज पर पहुंच चुके हैं। विवाद की आशंका गहरा रही है। पुलिस भीड़ को संभालने की कोशिशें कर रही है, पर हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। बाबा और बागेश्वरधाम के समर्थक हजारों में है तो वहीं यादव महासभा के लोग महज 100 से 200 के अंदर हैं।
यादव महासभा ने किया बागेश्वर धाम पहुंचकर प्रदर्शन का ऐलान
अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया है कि इससे भगवान श्रीकृष्ण और यादव समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव के निर्देश पर 13 नवंबर को विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया गया था। महासभा के कार्यकर्ताओं ने छतरपुर से बागेश्वर धाम तक रैली निकालने और धाम में तालाबंदी करने की चेतावनी भी दी थी। इस संबंध में महासभा पदाधिकारी पुष्पेंद्र यादव का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे विरोध रैली और तालाबंदी की बात कहते नजर आए। शुक्रवार को महासभा का विरोध प्रदर्शन शुरू होने के साथ ही इलाके में हलचल बढ़ गई।
विरोध के जवाब में समर्थकों ने हाईवे पर लगाया जाम
यादव महासभा के प्रदर्शन के विरोध में बागेश्वर धाम के समर्थक भी एकजुट हो गए। समर्थकों ने बृजपुरा के पास फोरलेन हाईवे पर जाम लगा दिया। अचानक यातायात रुकने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और कई वाहन जाम में फंस गए। समर्थकों का विरोध यादव महासभा के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर है।
सुरक्षा बढ़ाई, रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस तैनात
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बागेश्वर धाम और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। छतरपुर रेलवे स्टेशन पर भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जोन से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। बागेश्वर धाम जाने वाले रास्तों और जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस की निगरानी रखी जा रही है। एसपी रजत सकलेचा सहित वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों की गतिविधियों और टिप्पणियों पर भी नजर बनाए हुए है।
एसपी बोले- विरोध का अधिकार, लेकिन कानून के दायरे में रहें
एसपी रजत सकलेचा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और विरोध प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार है लेकिन इसके लिए वैधानिक प्रक्रिया का पालन करना और प्रशासन से अनुमति लेना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक और अनर्गल टिप्पणियां करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की जा रही है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस के सामने दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोकने के साथ ही हाईवे पर यातायात बहाल कराने की चुनौती है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है।
छतरपुर रेलवे स्टेशन के बाहर मौजूद छतरपुर ASP आदित्य पटले कहना है कि छतरपुर जिले सहित पूरे झोन से पुलिस बल को बुलाया गया है। पुलिस प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्थाएं हैं। मल्टीपल पॉइंट्स पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। कुछ लोग यहां रेलवे स्टेशन के पास हैं तो कुछ लोग रुद्राक्ष होटल के पास हैं। दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत की जा रही है। उन्हें समझाइश दी जा रही है कि किसी भी तरह की असंवैधानिक बात न की जाए। स्थिति आउट ऑफ कंट्रोल नहीं है सब कंट्रोल में हैं। हमारा ही प्रयास रहेगा किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
