प्राचीन गोवर्धन सागर पर जनसहयोग से कायाकल्प कराने का आवाहन,संतो के आवाहन पर 3 घंटे में एकत्रित हो गए 6 लाख रूपए

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी)  रामादल अखाड़ा परिषद के आवाहन पर अंकपात मार्ग स्थित गोवर्धन सागर पर गुरूवार से श्रमदान की शुरूआत की गई है। धार्मिक महत्व के प्राचीन गोवर्धन सागर की दशा बदलने के अभियान में शामिल होने के लिए प्रत्येक वर्ग से सैकड़ो लोग जुटे। महज 3 घंटे के भीतर ही शहर के दानदाताओं ने गोवर्धन सागर के कायाकल्प के लिए करीब 6 लाख रूपए एकत्रित कर दिए।

21 जनवरी से रामादल अखाड़ा परिषद के संत, महंत, महामंडलेश्वर गोवर्धन सागर तट पर धरना दे रहे थे। न्यायालयीन विवाद के चलते प्रशासन ने गोवर्धन सागर के कायाकल्प के लिए अपनी असमर्थता जताई तो संतो ने 27 जनवरी की सुबह से गोवर्धन सागर पर जनसहयोग से कायाकल्प कराने का आवाहन किया था। रामादल अखाड़ा परिषद के आवाहन पर गुरूवार सुबह 11 बजे से गोवर्धन सागर पर श्रमदान की शुरूआत की गई। उच्चशिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव, क्षेत्रीय विधायक पारस जैन, सांसद अनिल फिरोजिया, पूर्व विधायक श्री राजेंद्र भारती, भाजपा शहर अध्यक्ष  विवेक जोशी, गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज महिला शाखा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती माया राजेश त्रिवेदी, विवेक यादव, महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष  नूरी खान आदी ने साधु-संतो की अगुवाई में गोवर्धन सागर के पूजन में भाग लिया और श्रमदान की विधिवत शुरूआत की। श्रमदान के पहले दिन से ही दिन गोवर्धन सागर का स्वरूप बदलने लगा है। तालाब से मशीन के जरिए सैकड़ो टन जलकुंभी बाहर निकाल ली गई।

श्रमदान की शुरूआत से पहले रामादल अखाडा परिषद के अध्यक्ष महंत डा. रामेश्वरदास ने समाज के सभी वर्गो से आवाहन किया कि वे इस पुनित कार्य में अपनी सहभागिता दे। महंत डा. रामेश्वरदास ने कहा कि गोवर्धन सागर के कायाकल्प का काम बड़ा है और बिना शहर के नागरिकों के सहयोग के इसे पूर्ण नहीं किया जा सकता है। उच्चशिक्षा मंत्री  मोहन यादव और विधायक पारस जैन दोनों ने ही साधु-संतो को आश्वस्त किया कि गोवर्धन सागर के विकास का काम अब रूकना नहीं चाहिए। सभी जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य लोग इस काम में साधु-संतो का सहयोग करेंगे।

जनसहयोग के काम में आए जनप्रतिनिधि

उच्चशिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव ने गोवर्धन सागर की सफाई के काम के लिए 1 लाख 11 हजार रूपए, विधायक  पारस जैन ने 51 हजार रूपए, सांसद अनिल फिरोजिया ने 51 हजार रूपए, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने 21 हजार रूपए, श्रीमती माया राजेश त्रिवेदी ने 51 हजार रूपए, गोविंद खंडेलवाल ने 51 हजार रूपए, गुलाब भंडारी ने 11 हजार रूपए, विवेक यादव ने 21 हजार रूपए,धर्मेंद्र शर्मा ने 51 हजार रूपए, श्रीमती नूरी खान ने 11 हजार रूपए, शिव लश्करी ने 5100 रूपए, देवेंद्र शुक्ला ने 21 हजार रूपए, शहर काजी खलिकुर्रहमान ने 11 हजार रूपए, पूर्व पार्षद कुतुब फातेमी ने 11 हजार रूपए,  घनश्याम मीणा ने 5 हजार रूपए प्रदान करने की घोषणा की है। इनके अलावा भी बड़ी संख्या में दानदाता गोवर्धन सागर कायाकल्प के काम में सहयोग के लिए आगे आए।