उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) अंधकार से प्रकाश और अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाने वाला महापर्व दीपावली आज 8 नवंबर रविवार को मनाया जाएगा। इस दिन मां लक्ष्मी की आराधना कर घर-आंगन में सुख-समृद्धि की मंगलकामना की जाएगी। बाबा गुमानदेव हनुमान गढ़ी के गादीपति एवं पारंपरिक तीर्थ पुरोहित ज्योतिषाचार्य पं. चंदन श्यामनारायण व्यास के अनुसार, दीपावली केवल उत्सव नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मकता और आध्यात्मिक चेतना के संचार का पर्व है।
पं. व्यास ने बताया कि कार्तिक मास की अमावस्या तिथि रविवार सुबह 10.29 बजे से प्रारंभ होगी, जो सोमवार 9 नवंबर को दोपहर 12.33 बजे तक रहेगी। रविवार को प्रदोष काल में अमावस्या होने से 8 नवंबर को ही सम्पूर्ण भारत में दीपोत्सव मनाया जाएगा। वहीं, सोमवार को सोमवती अमावस्या होने से पितृ कार्य 9 नवंबर को किए जाएंगे।
चौघड़िया और लग्न के अनुसार यह रहेंगे शुभ मुहूर्त
दीपोत्सव पर चौघड़िया के अनुसार सुबह 11.29 से दोपहर 12.10 बजे तक अमृत, दोपहर 1.34 से 2.57 बजे तक शुभ, शाम 5.45 से 7.21 बजे तक शुभ, शाम 7.22 से रात 8.58 बजे तक अमृत और रात 8.59 से 10.34 बजे तक चल चौघड़िया रहेगा। पूजन के लिए शाम 6.02 से रात 8.00 बजे तक का समय अति विशेष रहेगा।
लग्न के अनुसार दुकान, फैक्ट्री, स्कूल, कॉलेज और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पूजा के लिए सुबह 11.39 से दोपहर 1.26 बजे तक मकर, शाम 4.30 से 6.10 बजे तक मेष और रात 10.23 से 12.39 बजे तक कर्क लग्न शुभ रहेगा। इसी तरह घर एवं अन्य प्रतिष्ठानों के लिए दोपहर 1.26 से 2.59 बजे तक कुंभ, शाम 6.10 से रात 8.09 बजे तक वृषभ और मध्य रात्रि 12.39 से 2.51 बजे तक सिंह लग्न का मुहूर्त रहेगा।
गादी उठाने का मुहूर्त और आगामी पर्व
दीपावली पूजा के बाद गादी उठाने का शुभ मुहूर्त कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा यानी मंगलवार 10 नवंबर को सुबह 10.47 से दोपहर 12.10 बजे तक रहेगा। इसके अलावा 10 नवंबर मंगलवार को सुहाग पड़वा व गोवर्धन पूजा, 11 नवंबर बुधवार को भाईदूज और 14 नवंबर शनिवार को लाभ पंचमी का पर्व मनाया जाएगा।
फाइल फोटो-
