जद्दोजहद की पत्रकारिता को मिला सम्मान, किशोर दग्दी प्रदेश अध्यक्ष बने

उज्जैन। जद्दोजहद और खोजी पत्रकारिता के लिए अपना सर्वस्व लगाने वाले उज्जैन के पत्रकार को भारतीय पत्रकार संघ ने सम्मान दिया है। साप्ताहिक कर्म यज्ञ के सम्पादक किशोर दग्दी को संघ ने अपना प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। संघ के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी पं. मनोहर मंडलोई ने इस नियुक्ति को अधोहस्ताक्षरित किया है।
उज्जैन से प्रकाशित कर्मयज्ञ के सम्पादक किशोर दग्दी ने पत्रकारिता में नए मापदंड स्थापित किए हैं। उन्होंने अब तक आर्थिक अपराध और लोकायुक्त में दो दर्जन से अधिक मामले अपने अखबार में समाचार प्रकाशन के साथ शिकायत के आधार पर दर्ज करवाए हैं। साप्ताहिक समाचार पत्र में खोजी पत्रकारिता का उन्होंने नया मापदंड और स्तर कायम किया है। पत्रकारों के हित की लड़ाई हो, चाहे पत्रकार रक्षा के लिए उठाए गए कदम। किशोर दग्दी सदैव इन मामलों में अग्रणी रहकर अपनी भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी साहस की पत्रकारिता और पत्रकार हित में उठाए गए उनके कदमों को लेकर भारतीय पत्रकार संघ ने उन्हें सम्मान देते हुए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति पर उज्जैन के पत्रकार जगत में हर्ष है। राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम जी सेन, प्रदेश संरक्षक दिलीपसिंह वर्मा एवं श्रीमती पुष्पा शर्मा के साथ ही प्रदेश संयोजक सलीम शैरानी, सतीश पुरोहित के प्रति पत्रकारों ने आभार व्यक्त करते हुए दग्दी को पत्रकार हित के काम करने के लिए बधाई दी है। श्री दग्दी ने इस नियुक्ति के बाद कहा है कि वे आगामी समय में मध्यप्रदेश में पत्रकार रक्षा कानून के लिए प्रदेश स्तर पर अपना आंदोलन छेड़ेंगे। प्रदेश के जिलों में भ्रमण कर पत्रकारों से सम्पर्क करते हुए तमाम प्रदेश के जिला जनसम्पर्क कार्यालय पर अपना हक मांगने के लिए आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी रूपरेखा आगामी समय में घोषित की जाएगी।