उल्लेखनीय है कि तेल कंपनियों ने सितंबर में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 9.50 रुपए बढ़ाए थे। इसके बाद सादे सिलेंडर की कीमत 2856 रुपए हो गई थी। इसे एक बार फिर बढ़ाते हुए आज से 2919.50 रुपए कर दिया गया है, यानी एक साथ कीमत में 63.50 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। तेल कंपनियों ने आज सुबह से ही नए दाम लागू किए हैं।
होटल-रेस्टोरेंट से लेकर उद्योगों पर असर
कमर्शियल गैस का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, केटरिंग, मिठाई दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ उद्योगों में भी होता है। ऐसे में सिलेंडर की कीमत बढ़ने से इन कारोबारों की गैस लागत बढ़ेगी। अधिक सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों पर महीने की कुल लागत में इसका असर ज्यादा दिखाई देगा। इसका सीधा असर महंगाई के रूप में आम उपभोक्ताओं तक भी पहुंचेगा।
जून के मुकाबले अब भी 303 रुपए सस्ता
इस साल 1 जून को इंदौर में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3222.50 रुपए थी। इस समय युद्ध के चलते गैस की सप्लाई प्रभावित होने से दाम में अचानक उछाल आया था। इसके बाद जुलाई में दाम कम हुए थे, लेकिन अगस्त और सितंबर में सिलेंडरों की कीमत फिर बढ़ी है। अक्टूबर में नया भाव 2919.50 रुपए होने के बावजूद यह जून के मुकाबले 303 रुपए सस्ता है।
एक्ट्रा तेज भी 64 रुपए महंगा हुआ
इंडेन गैस के प्रमुख डीलर अलावा इंडेन के संचालक महेश वर्मा ने बताया कि सामान्य गैस सिलेंडर के साथ ही अधिक ऊर्जा क्षमता वाले एक्स्ट्रा तेज गैस सिलेंडर की कीमत में भी 64 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। सितंबर में जहां एक्स्ट्रा तेज सिलेंडर 2878 का था, वहीं आज से यह बढ़कर 2942 रुपए का हो गया है।
