छिंदवाड़ा एसडीओ संजीव शर्मा के निवास पर लोकायुक्त की छापेमार कार्रवाई,1 करोड़ से अधिक का सोना, 345 ग्राम चांदी, 3 लाख नकद समेत प्रॉपर्टी के दस्तावेज बरामद

छिंदवाड़ा।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में वन विभाग के पचमढ़ी में पदस्थ एसडीओ संजीव शर्मा के आवास पर लोकायुक्त भोपाल की टीम द्वारा की गई छापेमार कार्रवाई में करोड़ों की बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ है। आज सुबह से चल रही इस सर्चिंग कार्रवाई में टीम ने अधिकारी के घर से 1 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषण, 345 ग्राम चांदी, 3 लाख रुपये नकद, तीन वाहन और एक विशाल मकान सहित अन्य जमीनों के दस्तावेज जब्त किए हैं।

सर्चिंग में मिली करोड़ों की अचल संपत्ति और कैश
लोकायुक्त भोपाल की टीम ने छिंदवाड़ा स्थित एसडीओ संजीव शर्मा के निवास पर दबिश देकर घर का कोना-कोना खंगाला, जिसमें भारी मात्रा में चल-अचल संपत्ति के सबूत हाथ लगे। छापे के दौरान घर से एक करोड़ रुपये से ज्यादा मूल्य का सोना, 345 ग्राम चांदी और 3 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। टीम को एक विशाल आवासीय मकान के अलावा कई अन्य जमीनों व प्रॉपर्टी के दस्तावेज मिले हैं। इसके साथ ही अधिकारी के घर से तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं।

पचमढ़ी स्थित आवास की कार्रवाई का विवरण आना बाकी
इस पूरी कार्रवाई को लेकर लोकायुक्त भोपाल के डीएसपी अजय मिश्रा ने बताया कि छिंदवाड़ा स्थित आवास से मिली प्रॉपर्टी के कागजात और अन्य कीमती सामग्री को विधिवत रूप से जब्त कर लिया गया है। डीएसपी के अनुसार, जब्त किए गए सभी दस्तावेजों, आभूषणों और वाहनों का तकनीकी एवं सरकारी मूल्यांकन कराया जा रहा है। आकलन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अनुपातहीन संपत्ति की कुल वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।

पचमढ़ी टीम की रिपोर्ट का इंतजार
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एक अन्य टीम द्वारा पचमढ़ी स्थित अधिकारी के मकान पर भी समानांतर छापेमारी की गई है, वहां से क्या कुछ बरामद हुआ है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी छिंदवाड़ा की टीम को प्राप्त नहीं हुई है।