उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) श्री महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में संतों और पीठाधीश्वरों को दिए जाने वाले प्रवेश को लेकर अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने सवाल खड़े किए हैं। महासंघ ने मंदिर समिति अध्यक्ष और कलेक्टर से मांग की है कि जिस तरह संतों को गर्भगृह में प्रवेश दिया जाता है, उसी तर्ज पर देश के प्रसिद्ध और उज्जैन के प्राचीन मंदिरों के पुजारियों को भी यह अनुमति मिलनी चाहिए।
पुजारी महासंघ के राष्ट्रीय सचिव रूपेश मेहता ने मंदिर समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि समिति कई स्वघोषित पीठाधीश्वरों और संतों पर मेहरबान दिखाई देती है। शहर में कई लोगों ने छोटे प्लॉट या सरकारी जमीन पर कब्जा कर आश्रम बना लिए हैं और पीठाधीश्वर का बोर्ड लगा दिया है। क्या केवल बोर्ड लगा लेना ही पीठाधीश्वर होने की योग्यता है।
महासंघ ने पूछा है कि क्या मंदिर समिति इन स्वघोषित आश्रमों और संतों की मान्यता, परंपरा और दस्तावेजों की जांच करती है। अगर नहीं, तो केवल नाम के आगे संत या महंत लगाने भर से उन्हें गर्भगृह में प्रवेश कैसे दिया जा सकता है।
महासंघ का तर्क है कि देश और नगर के प्राचीन मंदिरों के वास्तविक पुजारी वर्षों से भगवान की सेवा और सनातन धर्म परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। वे मंदिरों के प्रति संतों से ज्यादा समर्पित हैं, फिर भी उन्हें गर्भगृह प्रवेश से वंचित रखा जाता है। सनातन धर्म के एक पहिए को रोककर उसे कमजोर क्यों किया जा रहा है। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि महाकाल की मर्यादा के अनुरूप नियम सभी के लिए एक समान होने चाहिए।
