भोपाल मेट्रो की टाइमिंग में बड़ा बदलाव, 15 सितंबर से शाम 5 बजे के बाद हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी

भोपाल।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) अगर आप रोजाना मेट्रो से सफर करते हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने ‘भोपाल मेट्रो सेवा’ की टाइमिंग में एक बार फिर बदलाव किया है। यह नई समय-सारणी मंगलवार 15 सितंबर 2026 से लागू होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए सप्ताह के अलग-अलग दिनों में मेट्रो संचालन के समय और ट्रेनों की आवृत्ति को व्यवस्थित किया गया है।

भोपाल मेट्रो की टाइमिंग में बड़ा बदलाव किया गया है। अब सोमवार से शनिवार सुबह 11:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक मेट्रो चलेगी। शाम 5 बजे के बाद हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी। इससे पहले हर 30 मिनट पर सेवा थी। सुभाष नगर से पहली मेट्रो सुबह 11:30 बजे, एम्स से दोपहर 12 बजे रवाना होगी। सुभाष नगर से आखिरी मेट्रो शाम 7 बजे, एम्स से शाम 7:30 बजे चलेगी।

वहीं छुट्टी के दिन यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। रविवार और सार्वजनिक अवकाश पर सुबह 11:30 बजे से रात 8:30 बजे तक मेट्रो सेवा मिलेगी। रविवार और छुट्टी के दिन दोपहर 1 बजे के बाद हर 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो दौड़ेगी। यह नई व्यवस्था 15 सितंबर 2026 से लागू होगी।