उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) महाकाल मंदिर परिसर में विराजमान अतिप्राचीन सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी का पर्व अपार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर भगवान सिद्धिविनायक का पंचामृत से अभिषेक कर पांच लाख मोदकों का महाभोग लगाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पुत्र वैभव यादव ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से भगवान का पूजन-अभिषेक किया और महाआरती में शामिल हुए।
महाकाल मंदिर शिखर के ठीक सामने स्थित काले पाषाण की यह दिव्य प्रतिमा लगभग ढाई हजार साल पुरानी है, जिसे राजा भर्तृहरि ने स्थापित किया था। बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले लाखों भक्त उनके साथ पुत्र गजानन का भी आशीर्वाद लेते हैं। सिद्धिविनायक मंदिर की मान्यता देश-विदेश तक फैली है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के साथ रक्षा सूत्र बंधवाने पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां का रक्षा सूत्र अकाल मृत्यु सहित तमाम संकटों से भक्तों की रक्षा करता है।
गणेश चतुर्थी पर भगवान के दर्शन और पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। अपार आस्था के बीच पूरा मंदिर परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा। सिद्धिविनायक को अर्पित किए गए पांच लाख मोदक आगामी 12 दिनों तक श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में वितरित किए जाएंगे। इस दौरान मंदिर के पुजारी पं. मोहित उपाध्याय ने पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
