शहरी परिवहन के भानु प्रताप सिंह भदौरिया ने मक्सी रोड चार्जिंग स्टेशन का किया निरीक्षण, 100 से अधिक बसों की क्षमता के साथ अत्याधुनिक सुविधाओं से होगा सुसज्जित

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय में निदेशक (अर्बन ट्रांसपोर्ट/शहरी परिवहन) भानु प्रताप सिंह भदौरिया द्वारा शनिवार को उज्जैन नगर निगम द्वारा मक्सी रोड स्थित सिटी बस डिपो परिसर में विकसित किए जा रहे चार्जिंग स्टेशन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर निगम द्वारा शहरी परिवहन व्यवस्था को बेहतर एवं आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली तथा प्रचलित निर्माण कार्य का अवलोकन किया
   नगर निगम द्वारा लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किए जा रहे इस चार्जिंग स्टेशन का उद्देश्य शहर में संचालित होने वाली इलेक्ट्रिक बसों के लिए आधुनिक एवं व्यवस्थित चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान निगम अधिकारियों द्वारा परियोजना की प्रगति, निर्माण की वर्तमान स्थिति तथा प्रस्तावित सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी गई*
100 से अधिक बसों की क्षमता वाला होगा चार्जिंग स्टेशन
अपर आयुक्त श्री संतोष टैगोर ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में परियोजना के अंतर्गत वर्कशॉप बिल्डिंग एवं ऑफिस निर्माण एवं सिविल वर्क से संबंधित कार्य पूर्णता की ओर है फ्लोरिंग एवं इलेक्ट्रिक वर्क का कार्य प्रचलित है चार्जिंग स्टेशन पूर्ण होने के पश्चात यहां 100 से अधिक बसों को व्यवस्थित रूप से संचालित एवं चार्ज करने की क्षमता विकसित होगी
   परियोजना के अंतर्गत बस संचालन एवं प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए विभिन्न आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें मीटिंग रूम, डिपो मैनेजर रूम, ऑफिस रूम, गार्ड रूम, वॉश एरिया एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। इससे बस संचालन, रखरखाव तथा डिपो की व्यवस्थाओं को एक ही परिसर में अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी
      केंद्रीय मंत्रालय के निदेशक भानु प्रताप सिंह भदौरिया ने निर्माण कार्य का अवलोकन करते हुए परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। नगर निगम द्वारा शहरी परिवहन को आधुनिक स्वरूप देने तथा इलेक्ट्रिक बसों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित किए जाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।चार्जिंग स्टेशन के पूर्ण होने से उज्जैन में इलेक्ट्रिक बस संचालन के लिए मजबूत आधारभूत संरचना तैयार होगी, जिससे भविष्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में सहायता मिलेगी
   निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री रवि राठौर एवं सब इंजीनियर आनंद भंडारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।