मौलाना के बयान पर भड़के धीरेंद्र शास्त्री, कहा सभी कांवड़िए एक जैसे नहीं होते साहब

छतरपुर।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) कांवड़ यात्रा को लेकर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी की विवादित टिप्पणी पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। गुरुवार रात अपने दरबार के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि किसी व्यक्ति या समूह की कथित गलती के आधार पर करोड़ों निष्ठावान शिवभक्त कांवड़ियों को आतंकी कहना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर उपद्रव या तोड़फोड़ करने वाले लोग वास्तविक कांवड़िए नहीं हो सकते।

धीरेंद्र शास्त्री ने मौलाना के बयान का विरोध करते हुए कहा कि धार्मिक यात्राओं में शांतिपूर्वक शामिल होने वाले श्रद्धालुओं पर बेबुनियाद आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए। ताजिया जुलूसों में होने वाली हिंसक घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अनुशासित तरीके से पैदल यात्रा करने वाले शिवभक्तों की छवि खराब करने का प्रयास बंद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी कांवड़िए एक जैसे नहीं होते और किसी एक घटना के आधार पर पूरी कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को आतंकवादी कहना गलत है। धीरेंद्र शास्त्री ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि ‘सभी कांवड़िए एक जैसे नहीं होते रिजवी साहब… सबको तुम आतंकवादी न कहना। वरना इतना छीला जाएगा तुम्हें… इतना छीला जाएगा कि आगे से बयान देने से पहले तुम 100 बार सोचोगे।’

मौलाना साजिद रशीदी ने छह अगस्त को दिए एक बयान में कांवड़ यात्रा में शामिल कुछ लोगों की तुलना आतंकियों और नशेड़ियों से की थी। उन्होंने दावा किया था कि सड़कों पर हुड़दंग, तोड़फोड़ और पुलिस पर हमला करने वाले लोग शिवभक्त नहीं, बल्कि दहशतगर्द हैं। मौलाना के इस बयान के सामने आने के बाद हिंदू संगठनों और सनातन समर्थकों में आक्रोश देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित सिविल लाइंस थाने में हिंदू संघर्ष समिति की शिकायत पर साजिद रशीदी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

फिलहाल, कांवड़ यात्रा को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। एक ओर मौलाना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है, वहीं दूसरी ओर धीरेंद्र शास्त्री समेत अन्य संतों ने कांवड़ियों के खिलाफ की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई है।