अब सूट में नजर आएंगी ब्राह्मण मातृशक्तियां

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़…राजेश सिंह भदौरिया बंटी)। श्री परशुराम भगवान के तीन दिनी जन्म उत्सव का आगाज सर्व ब्राह्मण समाज की मातृशक्तियों द्वारा विशाल वाहन रैली निकालकर किया जाएगा। जन्मोत्सव की पूर्व संध्या 6 मई को सर्व ब्राह्मण समाज मातृशक्ति द्वारा विशाल वाहन रैली दशहरा मैदान स्थित माताजी के मंदिर से निकाली जाएगी। जिसमें महिलाएं एवं समाज की युवतियां लाल रंग की साड़ी एवं सूट में नजर आएंगी।
सर्व ब्राह्मण समाज मातृशक्ति द्वारा पिछले वर्ष की तरह ही इस वर्ष भी अपने आराध्य श्री परशुरामजी के जन्म उत्सव की पूर्व संध्या 6 मई को ब्राह्मण समाज की एकता का परिचय दिया जाएगा। इस वाहन रैली में समाज की सभी महिलाएं अपने-अपने वाहनों के साथ शामिल होंगी। वहीं जिन महिलाओं के पास दोपहिया वाहन नहीं है, या जो चला नहीं सकती तथा वृध्द महिलाओं के लिए ई रिक्शा की व्यवस्था की जाएगी वे सभी महिलाएं ईरिक्शा में सवार होकर वाहन रैली में शामिल होंगी। सभी दशहरा मैदान स्थित माता मंदिर पर एकत्रित होंगी तथा वहां से टॉवर चौक सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए चाणक्यपूरी स्थित परशुरामजी के मंदिर पहुंचेगी जहां पूजन महाआरती के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। ‘सबका साथ एक साथ, ब्राम्हण परिवारों के सर्वागीण विकास’ के नारे के साथ सर्व ब्राह्मण समाज मातृशक्ति ने समस्त ब्राह्मण समाज की मातृशक्तियों से इस आयोजन को सफल बनाने का अनुरोध किया है। साथ ही अगले दिन 7 मई से प्रारंभ होने वाले तीन दिनी उत्सव में भी बढ़ चढ़कर सहभागिता करने का अनुरोध किया है।