स्वर्णिम भारत मंच व अ.भा. जैन दिवाकर विचार मंच का राष्ट्रीय अधिवेशन मंदसौर में

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़…राजेश सिंह भदौरिया बंटी)। राष्ट्रसंत श्री कमलमुनि जी महाराज के सानिध्य में स्वर्णिम भारत मंच व अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच रजि. नई दिल्ली का राष्ट्रीय अधिवेशन मन्दसौर जिले के दलौदा में रखा गया है, जिसमें 2 लाख कार्यकर्ताओं को जोड़ने लिए 31 सूत्री सेवा प्रकल्प चलाये जाएंगे। यह अभियान राष्ट्र संत कमलमुनि जी महाराज के अनुयायी पूरे देश मे एक साथ शुरू करेंगे, जिसको लेकर संयुक्त बैठक रविवार 28 अप्रैल को दलौदा में सुबह 9 बजे रखी गयी है।स्वर्णिम भारत मंच के संयोजक एवं अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच के युवा शाखा के राष्ट्रीय महामंत्री दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि क्रांतिकारी राष्ट्र संत श्री कमलमुनि जी महाराज के सान्निध्य में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में स्वर्णिम भारत मंच व अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच के पदाधिकारी भाग लेंगे।
दोनों मंचों के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से 2 लाख कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए 31 सूत्री सामाजिक प्रकल्प चलाये जाएंगे। इस महाअभियान की शुरुआत मन्दसौर जिले की दलौदा में होगी। बैठक में दिल्ली, महाराष्ट्र, मप्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात सहित 17 प्रदेशों के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। उज्जैन से भी स्वर्णिम भारत मंच के कार्यकर्ता भाग लेंगे। राष्ट्रीय बैठक में स्वर्णिम भारत मंच के कार्यकर्ता भी दलौदा पहुंच कर राष्ट्र संत कमलमुनि जी महाराज साहब के दर्शन लाभ लेने जाएंगे।
दो लाख कार्यकर्ताओ का बड़ा लक्ष्य
अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच व स्वर्णिम भारत मंच के संयुक्त बैठक को अ.भा. दिवाकर विचार मंच के संस्थापक अध्यक्ष मोतीलाल बाफना, युवा शाखा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष चौरड़िया, महिला शाखा की राष्ट्रीय अध्यक्ष कल्पना मुथा भी संबोधित करेंगी। संयुक्त प्रयास से 31 सूत्री सेवा प्रकल्प चलाकर 2 लाख कार्यकर्ताओं को एक साथ जोड़ने का बड़ा लक्ष्य राष्ट्र संत कमलमुनि जी महाराज की प्रेरणा से पूरा किया जाएगा, क्योंकि महाराज श्री 70 हजार पद विहार करके काश्मीर से कन्याकुमारी तक की यात्रा कर चुके हैं, अभी कलकत्ता से नेपाल होते हुए उत्तरप्रदेश मप्र की यात्रा पर हैं। गौरतलब है कि मुनिश्री के लाखों अनुयायियों को एक साथ जुड़ने का पहला अवसर होगा।