भगवान श्री चन्द्रमोलेश्वर पालकी में सवार होकर प्रजा का हाल जानने  निकले,भगवान श्री महाकालेश्वर की सातवी सवारी धूमधाम से निकली

उज्जैन 21 अगस्त।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) श्रावण एवं भादौ माह में निकलने वाली भगवान महाकालेश्वर की सवारी के क्रम में आज श्रावण माह में सातवी सवारी धूमधाम से निकली। भगवान श्री चन्द्रमौलेश्वर पालकी में सवार होकर निकले। सवारी के निकलने के पूर्व सभामंडप में सर्वप्रथम भगवान श्री चन्द्रमौलेश्वर का षोडशोपचार से पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात भगवान की आरती की गई। पूजन-अर्चन मुख्य पुजारी पं. घनश्याम शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया।
श्रद्धालुओं ने जय महाकाल के घोष के साथ सवारी का स्वागत किया
भगवान श्री चन्द्रमोलेश्वर पालकी में सवार होकर अपनी प्रजा का हाल जानने और भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकले। पालकी जैसे ही श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य् द्वार पर पहुंची सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा पालकी में सवार श्री चन्द्रमोलेश्वर को सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दी गई। सवारी मार्ग में स्थान-स्थान पर खडे श्रद्धालुओं ने जय श्री महाकाल के घोष के साथ उज्जैन नगरी के राजा भगवान श्री महाकालेश्वर का स्वागत कर पुष्पवर्षा की। निर्धारित मार्ग से होकर सवारी रामघाट पर पहुंची। यहां पर पालकी का पूजन किया गया एवं भगवान चंद्रमौलेश्वर का शिप्रा के जल से जलाभिषेक किया गया।