मप्र के रीवा की रेखा सिंह बनेंगी लेफ्टिनेंट ,गलवान के नायक शहीद दीपक सिंह की पत्नी हैं रेखा सिंह

नई दिल्ली। (स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) लद्दाख की गलवान घाटी में जून 2020 में चीनी सेना के मंसूबों को विफल करने वाली सैन्य टुकड़ी में शामिल रहे शहीद नायक दीपक सिंह की पत्नी भी पति के नक्शे कदम पर अग्रसर हैं। वह सेना में बतौर लेफ्टिनेंट सेवाएं देंगी। मध्य प्रदेश के रीवा की रहने वाली 23 वर्षीय रेखा सिंह ने अपने पति की शहादत के बाद उनके ही पद चिन्हों पर चलने का फैसला करते हुए सेना में भर्ती होने की ठान ली थी। नायक दीपक सिंह देश के उन 20 जांबाज सेनानियों में शामिल थे, जिन्होंने देश की आन बान शान के लिए गलवान घाटी में अपनी कुर्बानी दी थी। शहादत से पहले इन जांबाजों ने दुश्मन की सेना के दांत खट्टे कर दिए थे। 1962 की जंग के बाद चीन के साथ गलवान घाटी में हुए पहले बड़े सीमा संघर्ष में उसकी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा था।

चेन्नई स्थित ओटीए में चल रहा प्रशिक्षण
रेखा सिंह फिलहाल चेन्नई स्थित आफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) में प्रशिक्षण ले रही हैं। इसी साल फरवरी में उन्होंने सर्विसेस सिलेक्शन बोर्ड (SSB) के साक्षात्कार में कामयाबी हासिल कर ली थी। नायक दीपक सिंह बिहार रेजीमेंट की 16 वीं बटालियन के नायक थे। उन्हें मरणोपरांत वीर चक्र प्रदान किया गया था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नवंबर 2021 में रेखा सिंह को यह सम्मान प्रदान किया था। वीर चक्र सेना का तीसरा बड़ा सम्मान है। सर्वोच्च सैन्य सम्मान परम वीर चक्र तो दूसरा सम्मान महावीर चक्र कहलाता है।