उज्जैन, 06 नवम्बर 2026। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित चिकित्सालय में भगवान श्री धन्वंतरी का पूजन-अर्चन किया गया पूजन-अर्चन श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल द्वारा किया गया। पूजन पंडित सुधीर चतुर्वेदी द्वारा सम्पन्न करवाया गया । इस दौरान डॉ. देवेन्द्र परमार, सह प्रभारी श्रीमती अनिता थोरात सहित मंदिर के कर्मचारी व चिकित्सा विभाग कर्मी आदि उपस्थित थे। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संपूर्ण विश्व के स्वास्थ्य के लिए कामना की गई।
ज्ञात हो कि, श्री महाकाल महालोक में स्थित मानसरोवर भवन, प्रथम तल प्रोटोकॉल ऑफिस के समीप में श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रबंध समिति द्वारा 10 बेड के चिकित्सालय का संचालन किया जाता है। इसके अतिरिक्त मंदिर के प्रवेश व निर्गम द्वार पर भी मंदिर प्रबंध समिति के चिकित्सा विभाग की टीम एवं 2 एंबुलेंस 24 घंटे निरंतर सेवा हेतु उपलब्ध रहती है।
धनतेरस पर महाकाल का विशेष पूजन, देश और प्रदेश के कल्याण की प्रार्थना
पुरोहित समिति के निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ अभिषेक, अधिकारियों ने सपरिवार की सुख-समृद्धि की कामना
उज्जैन। धनतेरस के पावन पर्व पर शुक्रवार को विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में राष्ट्र कल्याण, आरोग्य और सर्वजन मंगल की कामना के साथ भगवान महाकाल का विशेष अभिषेक-पूजन किया गया। मंदिर पुरोहित समिति द्वारा विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यह पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया।
पूजन में उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक तथा पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सपरिवार शामिल हुए। सभी अधिकारियों ने भगवान महाकाल का अभिषेक, पूजन-अर्चन कर आरती की और दीप प्रज्वलित किए।
इस अवसर पर भगवान महाकाल से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई। अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर सभी को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। धनतेरस को लेकर मंदिर परिसर में दिनभर विशेष भक्तिमय वातावरण नजर आया।
———————-