उज्जैन को पत्थरबाजों की कश्मीर घाटी नहीं बनने देंगे, पुलिस पर हमला बर्दाश्त नहीं

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) धार्मिक नगरी में सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान पुलिस पर पथराव और महाकालेश्वर मंदिर को ध्वस्त करने की सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने कड़ा विरोध जताया है। विहिप के प्रांत सह मंत्री महेश अंजना ने चेतावनी दी है कि उज्जैन को पत्थरबाजों की कश्मीर घाटी नहीं बनने दिया जाएगा। प्रशासन उपद्रवियों और मंदिर पर टिप्पणी करने वाले देशद्रोही पर रासुका लगाकर सख्त कार्रवाई करे।
विकास में सभी का सहयोग, उपद्रव निंदनीय
विहिप नेता महेश अंजना ने कहा कि हिंदू समाज ने विकास कार्यों के लिए हमेशा धैर्य और सहयोग का परिचय दिया है। चौड़ीकरण अभियान में कई देवस्थलों को हटाया गया, लेकिन कभी बाधा उत्पन्न नहीं की गई। बोहरा समाज ने भी शांतिपूर्ण तरीके से अपने धर्मस्थल को हटाकर सहयोग किया। इसके विपरीत न्यायालय के आदेश और प्रशासन की कार्रवाई के तहत मस्जिद का हिस्सा हटाए जाने पर कानून व्यवस्था में जुटे सुरक्षा बलों पर हमला करना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि भड़काऊ भाषणों से शहर का माहौल खराब नहीं होना चाहिए। पत्थरबाजी में शामिल लोग और संगठन अपनी स्थिति स्पष्ट करें, घटना के लिए माफी मांगें और दोषियों को पुलिस के समक्ष प्रस्तुत करें।
आरोपी का मकान तोड़कर निकाला जाए जुलूस
महाकाल मंदिर पर सोशल मीडिया में की गई कथित टिप्पणी को विहिप ने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर प्रहार बताया है। परिषद ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर उस पर रासुका लगाई जाए। विहिप नेता ने कहा कि ऐसे आरोपी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए, उसके मकान तोड़े जाएं और जुलूस निकाला जाए। विहिप बजरंग दल के सह प्रचार-प्रसार प्रमुख राज जोशी ने बताया कि शहर की शांति, धार्मिक परंपरा और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति या संगठन को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करे।