उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) शहर के युवा आशीष सिंह जादौन ने भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट बनकर उज्जैन का नाम रोशन किया है। आशीष ने अपने सैन्य करियर के पहले और दूसरे दोनों प्रयासों में सेवा चयन बोर्ड द्वारा अनुशंसित होकर अखिल भारतीय स्तर पर 18वीं रैंक प्राप्त की है। चेन्नई स्थित अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी में कड़ा सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उन्हें सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त हुआ है। इस गौरवशाली उपलब्धि पर शहरवासियों और पूर्व सैनिकों ने उनका भव्य स्वागत किया।
पिता से मिली देश सेवा की प्रेरणा
आशीष के पिता सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर अजय सिंह जादौन भी भारतीय थल सेना में लगभग 30 वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सेना के प्रति परिवार के इसी समर्पण और लगाव को आगे बढ़ाते हुए आशीष ने यह मुकाम हासिल किया है। वर्तमान में उनके पिता अपने बड़े बेटे के साथ होटल व्यवसाय संचालित कर रहे हैं। उनके बड़े बेटे ने भी संघ लोक सेवा आयोग की संयुक्त रक्षा सेवा लिखित परीक्षा में सात बार सफलता हासिल की थी, हालांकि वे चयन प्रक्रिया को पार नहीं कर सके थे।
खुली जीप में निकला जुलूस, रास्ते भर हुई पुष्पवर्षा
पूर्व सैनिक संगठन के सचिव रविप्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि आशीष के लेफ्टिनेंट बनने पर नीलगंगा स्थित शिप्रा गार्डन में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इससे पूर्व अंबर कॉलोनी हनुमान नाका स्थित उनके निवास से कार्यक्रम स्थल तक एक विशाल जुलूस निकाला गया। खुली जीप में सवार लेफ्टिनेंट आशीष और उनके माता-पिता का देशभक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर और फूल मालाओं से आत्मीय स्वागत किया।
अत्यंत कठिन है सेना की चयन प्रक्रिया
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उज्जैन संभाग पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष सूबेदार कमल सोनी ने बताया कि सेना में अधिकारी बनने के लिए संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक है। इसके बाद होने वाली चयन बोर्ड की प्रक्रिया भी बेहद चुनौतीपूर्ण होती है, जिसमें अभ्यर्थी की बौद्धिक क्षमता, नेतृत्व, व्यक्तित्व, निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक दृढ़ता को परखा जाता है। यह परीक्षा प्रशासनिक सेवाओं के समकक्ष मानी जाती है। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, अभिनेता अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और क्रिकेटर राहुल द्रविड़ जैसी हस्तियों ने भी सेना में प्रवेश के लिए इस इंटरव्यू का सामना किया था, लेकिन सफल नहीं हो सके। आशीष ने इस कठिन परीक्षा को पास कर उज्जैन को गौरवान्वित किया है।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने दी बधाई
समारोह में उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव और भाजपा नगर महामंत्री जगदीश पांचाल ने विशेष रूप से उपस्थित होकर आशीष को बधाई दी। आयोजन के दौरान डॉ. पिंकेश डफरिया, रविंद्रपाल सिंह जादौन, शेफाली चतुर्वेदी, नीलेश मनोहर, मुकेश कुमार मोयल और कमल सोनी ने शानदार गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। कार्यक्रम का सफल संचालन संगठन के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार मोयल ने किया।
इस अवसर पर संगठन के सचिव रविप्रताप सिंह भदौरिया, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार तोमर, संयुक्त सचिव सवाई सिंह शेखावत, शैलेंद्र सिंह डोडिया, सूबेदार एसएन श्रीवास्तव, हवलदार प्रशांत निगम, कर्नल राजकुमार सिंह चौहान, लेफ्टिनेंट प्रकाश गोडबोले, सूबेदार मेजर जगदेव सिंह चावड़ा, सूबेदार मेजर मुकेश चंद्र सोनी, नायब सूबेदार सुरेश सिंह बेस, चीफ पेटी ऑफिसर दीपेंद्र कुमार सैनी, नायक योगेश राठौर, नायक खगेंद्र सिंह जादौन, हवलदार दिलीप सिंह ठाकुर, हवलदार जितेंद्र सिंह राजावत, हवलदार सुरेश नागर, पेटी ऑफिसर मुकेश नायक, महेंद्र कुमार अमृतीया, नितेश ठाकुर और धर्मेंद्र गोठी सहित अनेक पूर्व सैनिकों, रिश्तेदारों और शहरवासियों ने सपरिवार उपस्थित होकर लेफ्टिनेंट आशीष सिंह का पुष्पमालाओं से सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी प्रशांत निगम द्वारा दी गई।
