नीलकंठ द्वार से महाकाल चौराहा तक 24 मीटर चौड़ी सड़क का कार्य तेज गति से जारी, रहवासियों का मिल रहा पूर्ण सहयोग

उज्जैन:(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों को दृष्टिगत रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों के विकास एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नीलकंठ द्वार से महाकाल चौराहा तक मार्ग को 24 मीटर चौड़ा किए जाने का कार्य प्रारंभिक स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है, उक्त कार्य क्षेत्र के रहवासियों के सहयोग से नगर निगम द्वारा तीव्र गति से किया जा रहा है वर्तमान में तुड़ाई का कार्य लगभग पूर्णता की ओर है नाली निर्माण का कार्य भी शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा नगर निगम द्वारा प्रतिदिन तुड़ाई के पश्चात मलवा हटाने एवं सफाई का कार्य भी है किया जा रहा है ताकि क्षेत्र के नागरिकों को समस्या ना हो।

राज्य शासन द्वारा स्वीकृत राशि एवं सिंहस्थ मद के अंतर्गत राशि रुपए लगभग 11 करोड़ रुपए की लागत से नीलकंठ द्वार से महाकाल चौराहा तक लगभग 24 मीटर चौड़े एवं 400 मीटर लंबे सड़क चौड़ीकरण एवं विकास कार्य प्रचलित है। यह मार्ग शहर के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल होने के साथ ही श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के आवागमन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। सिंहस्थ महापर्व के दौरान बढ़ने वाले यातायात एवं श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए मार्ग को सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के उद्देश्य से सड़क की चौड़ाई 24 मीटर की गई है।
प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य से कुल 127 भवन प्रभावित हुए हैं नगर निगम द्वारा प्रचलित मार्ग चौड़ीकरण कार्य का उद्देश्य क्षेत्र में यातायात आवागमन को सुगम एवं व्यवस्थित करना, सड़क की क्षमता बढ़ाना तथा सिंहस्थ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए बेहतर मार्ग उपलब्ध कराना है। सड़क चौड़ीकरण के साथ मार्ग के विकास से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।