भक्तिभाव से संपन्न हुआ श्री नारायणी दादी मंगलपाठ महोत्सव, दादी मां को अर्पित किया छप्पन भोग

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) पीपलीनाका से भैरवगढ़ मार्ग पर शिप्रा पुल के पहले स्थित श्री बालाजी एवं खाटूश्याम मंदिर परिसर में बुधवार को श्री नारायणी दादी मंगलपाठ महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्री राणी सती दादी मां एवं श्री नारायणी दादी जी की आराधना की।
महोत्सव का शुभारंभ विधिवत पाटा पूजन से हुआ। इसके बाद भव्य मंगलपाठ किया गया। भजनों की प्रस्तुति और दादी मां की महिमा के गुणगान से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान दादी मां को छप्पन भोग अर्पित किया गया। भजन संध्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भजनों का आनंद लिया।
मंगलपाठ की पूर्णाहुति के पश्चात गुरु माता अंजनी सखी नीतू दीदी द्वारा श्रद्धालु महिलाओं को सुहाग आशीर्वाद प्रदान किया गया। समापन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं प्रसादी की व्यवस्था की गई थी, जहां भक्तों ने प्रसादी ग्रहण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सफल आयोजन पर आयोजकों ने उपस्थित सभी धर्मप्रेमी बंधुओं, माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।