उज्जैन:(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों को दृष्टिगत रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों के विकास एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं इसी क्रम में गुदरी चौराहा से हरसिद्धि पाल तक लगभग 570 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किए जाने की तैयारी नगर निगम द्वारा शुरू कर दी गई है। प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण एवं विकास कार्य पर राज्य शासन से प्रदत्त लगभग 14 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जाएगी।
यह मार्ग शहर के महत्वपूर्ण एवं व्यस्त मार्गों में शामिल है। बाबा महाकाल की सवारी के साथ ही सिंहस्थ महापर्व के दौरान निकलने वाली पेशवाई का प्रमुख मार्ग होने के कारण इसका विशेष महत्व है। इसके अलावा रामघाट एवं हरसिद्धि मंदिर क्षेत्र की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं तथा आम नागरिकों के लिए भी यह प्रमुख संपर्क मार्ग है। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या एवं यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है।
136 भवनों पर होगी कार्यवाही, पहले शुरू हुआ सर्वे एवं मार्किंग कार्य
प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण से कुल 136 भवन प्रभावित होना प्रस्तावित हैं। नगर निगम द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार से मार्ग की नपती एवं सड़क सीमा की मार्किंग का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके माध्यम से प्रस्तावित सड़क की सीमा निर्धारित करने के साथ ही प्रभावित भवनों का चिन्हांकन किया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्तअभिलाष मिश्रा के निर्देशानुसार भवन निरीक्षक सुश्री सौम्या चतुर्वेदी एवं निगम की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर मार्ग की नपती एवं प्रभावित भवनों पर मार्किंग की कार्यवाही की गई। टीम द्वारा स्थल का निरीक्षण करते हुए प्रस्तावित सड़क सीमा के अनुरूप आवश्यक जानकारी भी संकलित की जा रही है। नपती एवं सर्वे कार्य पूर्ण होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी।
सिंहस्थ को ध्यान में रखकर बढ़ाई जाएगी मार्ग की क्षमता
सड़क चौड़ीकरण का प्रमुख उद्देश्य क्षेत्र में यातायात को सुगम एवं व्यवस्थित करना, मार्ग की क्षमता बढ़ाना तथा सिंहस्थ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आवागमन व्यवस्था उपलब्ध कराना है। सड़क विकास के साथ मार्ग को सुव्यवस्थित किए जाने से नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।
नगर निगम द्वारा सिंहस्थ महापर्व को दृष्टिगत रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों के विकास एवं चौड़ीकरण को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
