माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत,अपने भाई से मिलने झांसी जेल जा रहा था

लखनऊ:(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहा था. कार में उसके साथ चार अन्य लोग भी सवार थे. हादसे में आबान और उसके साथी सोनू की जान चली गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

बता दें कि चर्चित उमेश पाल हत्याकांड के बाद अतीक अहमद के दो बेटे आबान अहमद और अहजम का नाम भी सामने आया था. इसके बाद दोनों को बाल सुधार गृह में रखा गया था. अक्टूबर 2023 में दोनों को वहां से रिहा किया गया और उनकी कस्टडी उनकी बुआ परवीन कुरैशी को सौंप दी गई.

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे आबान अहमद अपने दोस्तों के साथ कानपुर-झांसी हाईवे से झांसी जेल जा रहा था. पुंछ थाना क्षेत्र के पास उसकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

कार में कुल पांच लोग सवार थे. हादसे के बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आबान अहमद और सोनू को मृत घोषित कर दिया. वहीं उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम गंभीर रूप से घायल हैं. प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. परिजनों और अतीक अहमद के करीबी रिश्तेदारों का कहना है कि कार के सामने अचानक एक जानवर आ गया था. उसे बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई. हालांकि, पुलिस ने अभी तक हादसे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

माफिया अतीक अहमद के कुल 5 बेटे थे. इनमें असद अहमद अप्रैल 2023 में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था. अली अहमद फिलहाल झांसी जेल में बंद है. उसे अक्टूबर 2025 में प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल से झांसी ट्रांसफर किया गया था. अब आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद परिवार को एक और बड़ा झटका लगा है. पुलिस फिलहाल हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.