यात्रियों का अच्छा रिस्पोंस, उज्जैन-फतेहाबाद ट्रेन के फेरे दोगुने करने और सिंहस्थ के मद्देनजर छोटे स्टेशनों के विस्तार पर जोर

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडेय के उज्जैन आगमन पर रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य विजय अग्रवाल ने शहर की रेल समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए कोटा, नागदा और रतलाम के बीच मेमू ट्रेन चलाने, उज्जैन-फतेहाबाद ट्रेन के फेरे दो से बढ़ाकर चार करने और अवंतिका एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर आठ के बजाय एक पर ही लाने की प्रमुख मांग रखी।
अग्रवाल ने महाप्रबंधक को बताया कि उज्जैन स्टेशन के आउटर पर महत्वपूर्ण गाड़ियां 30 से 40 मिनट तक खड़ी रहती हैं, जिससे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होता है और वे देरी से चलती हैं। इस व्यवस्था को तुरंत सुधारा जाना चाहिए। ट्रेनों की पार्किंग के लिए एनसीआर यार्ड में दो प्लेटफॉर्म पर पटरियां बिछाने और खाली पड़े लोको शेड की जगह पर वाशिंग पिट बनाने का महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया गया। इसके अलावा, यात्रियों के बैठने के लिए वातानुकूलित कक्ष सहित एक बड़े हॉल के निर्माण की आवश्यकता जताई गई।
आगामी सिंहस्थ के लिए स्टेशनों का हो विस्तार
चर्चा में आगामी सिंहस्थ महापर्व का मुद्दा भी उठा। अग्रवाल ने मांग की कि सिंहस्थ के दबाव को देखते हुए पिंग्लेश्वर, पवासा, नईखेड़ी, विक्रम नगर, मोहनपुरा और चिंतामण गणेश स्टेशनों का विस्तार किया जाए और इन्हें सर्वसुविधायुक्त बनाया जाए। इस अवसर पर डीआरयूसीसी मेंबर नंदकिशोर बैरागी, डीआरएम अश्विनी कुमार, एडीआरएम अक्षय कुमार सहित रेलवे के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
——————————————————————————————————————————————————————-