उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) महाकालेश्वर मंदिर की दर्शन और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार तथा पारदर्शिता की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष प्रितेश शर्मा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के नाम एसडीएम रंजना पाटीदार को ज्ञापन सौंपा। मंदिर के नीलकंठ द्वार से अंदर की ओर बढ़ते हुए कार्यकर्ताओं ने शंख द्वार की तरफ से आ रही वीवीआईपी गाड़ियों को भी रोककर अपना विरोध दर्ज कराया।
युवा कांग्रेस उत्तर विधानसभा अध्यक्ष यश जैन ने बताया कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आम जनता के लिए प्रोटोकॉल दर्शन बंद कर दिए गए हैं, लेकिन वीआईपी, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रभावशाली व्यक्तियों को अभी भी नंदी हॉल और चांदी द्वार से दर्शन कराए जा रहे हैं। आठ सूत्रीय मांगों को लेकर दिए गए इस ज्ञापन में मांग की गई है कि दर्शन व्यवस्था सभी के लिए समान हो और वीआईपी परिवारों को मिलने वाली विशेष सुविधा तुरंत बंद की जाए। प्रतिदिन वितरित होने वाली लगभग 2500 भस्म आरती अनुमति की सूची सार्वजनिक कर इसकी पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाए और कालाबाजारी की निष्पक्ष जांच हो। इसके अलावा मोबाइल प्रतिबंध का नियम अधिकारियों, कर्मचारियों और वीआईपी पर भी लागू करने, बाहर सुरक्षित मोबाइल जमा व्यवस्था बनाने और दिल्ली के इन्फ़्लुएंसर अक्षय आनंद द्वारा गर्भगृह में जाकर वीडियो वायरल करने के मामले में अनुमति देने वाले दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
