उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) महाकाल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट द्वारा संचालित आलोक इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने शैक्षिक भ्रमण के तहत नरवर थाने का दौरा किया। यहां पुलिस अधिकारियों ने पूर्व-प्राथमिक और प्राथमिक कक्षाओं के छोटे बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा की महत्वपूर्ण जानकारी सरल भाषा में दी। साथ ही उन्हें साइबर फ्रॉड और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों को अनजान व्यक्तियों से सावधानीपूर्वक व्यवहार करने, मोबाइल पर आने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने के तरीके विस्तार से समझाए। इसके अलावा, आपातकालीन परिस्थितियों में सही कदम उठाने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की सीख भी दी गई। बच्चों ने थाना परिसर का अवलोकन कर पुलिस के कामकाज को करीब से देखा और अधिकारियों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं।
इस अवसर पर स्कूल की एडमिनिस्ट्रेटर सुश्री नेहा झा, अभिषेक वशिष्ठ सहित अन्य शिक्षक और स्टाफ मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने नरवर थाना पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक जागरूकता के लिए बेहद उपयोगी होते हैं।
