3 अगस्त को बाबा महाकाल की प्रथम सवारी, विधायक, निगम अध्यक्ष एवं निगम आयुक्त ने पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उज्जैन:(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) 3 अगस्त को भगवान श्री महाकाल की प्रथम सवारी के नगर भ्रमण को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा द्वारा महाकालेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर संपूर्ण सवारी मार्ग का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सवारी मार्ग पर चल रहे चौड़ीकरण एवं विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि प्रथम सवारी से पूर्व सभी निर्माण एवं आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा सवारी से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार सवारी मार्ग के साथ-साथ शहर के प्रमुख आंतरिक मार्गों का भी चौड़ीकरण किया जा रहा है। सवारी मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन एवं बेहतर यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य युद्धस्तर पर दिन-रात जारी है। जनप्रतिनिधियों ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसियों एवं अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य रजत मेहता, अपर आयुक्त संतोष टैगोर, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, संजेश गुप्ता तथा संबंधित जोनल अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।