1 अप्रैल को 54वां टेपा सम्मेलन,: प्रख्यात हास्य अभिनेता राकेश बेदी को मिलेगा ‘राधा-लाला अमरनाथ स्मृति टेपा सम्मान’  

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) आगामी 1 अप्रैल को अंतर्राष्ट्रीय मूर्ख दिवस के अवसर पर मालवा की हास्य-व्यंग्य संस्कृति को समर्पित 54वां अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष ‘राधा-लाला अमरनाथ स्मृति टेपा सम्मान’ फिल्म ‘धुरंधर’ फेम प्रख्यात हास्य अभिनेता राकेश बेदी को प्रदान किया जाएगा।
टेपा सम्मेलन के सचिव मनीष शर्मा ने बताया कि यह आयोजन समाजसेवी लाला अमरनाथ और टेपा के संस्थापक-अध्यक्ष शिव शर्मा की स्मृति को समर्पित है। इस वर्ष सम्मेलन में राकेश बेदी मुख्य आकर्षण होंगे। शर्मा ने बताया कि बेदी ने हाल ही में आई फिल्म ‘धुरंधर’ में जमील जमाली नामक शक्तिशाली राजनेता का किरदार निभाया है, जिसने दर्शकों के बीच लोकप्रियता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
अभिनेता राकेश बेदी अब तक ‘चश्मे बद्दूर’, ‘एक दूजे के लिए’ और ‘मिस्टर इण्डिया’ जैसी 150 से अधिक सफल फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। इसके अलावा ‘ये जो है जिंदगी’, ‘हम पांच’, ‘श्रीमान श्रीमती’, ‘यस बॉस’ और ‘जाने भी दो यारों’ जैसे प्रसिद्ध टीवी धारावाहिकों में भी उन्होंने अपनी कॉमेडी से ख्याति प्राप्त की है।
टेपा सम्मेलन आयोजन समिति की बैठक में राकेश बेदी को यह सम्मान देने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में ओम अमरनाथ, मनीष शर्मा, योगेश शर्मा, दिनेश दिग्गज, मुकेश जोशी, अशोक भाटी, आशीष शर्मा, कुलभूषण जुनेजा, दीपक शर्मा, शिवा खत्री, विशाल हाडा, अविनाश गुप्ता, राजू भार्गव, सुमेध सिंह शर्मा, सुरेन्द्र सर्किट, कुलदीप रंगीला और हरीशकुमार सिंह उपस्थित थे।
सम्मेलन के दौरान प्रख्यात कवियों का ‘कांव-कांव सम्मेलन’, अतिथियों पर प्रशस्ति वाचन और चिलमी मुकदमों का आयोजन भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *