उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) आगामी सिंहस्थ को देखते हुए एक और नए मार्ग का चौड़ीकरण शुरू होने जा रहा है। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने कोयला फाटक से छत्री चौक मार्ग चौड़ीकरण के अंतर्गत कंठाल से गणेश मंदिर तक 12 भवन स्वामियों को नोटिस थमाए दिए। अब जल्द ही चौड़ीकरण का कार्य शुरू होगा।
कोयला फाटक, कंठाल चौराहा से लेकर छत्री चौक मार्ग चौड़ीकरण कार्य के तहत जोन क्रमांक 2 द्वारा फेस 1 अंतर्गत कंठाल चौराहे से लेकर गणेश मंदिर तक 12 प्रभावित भवन स्वामियों को नोटिस देने की कार्रवाई की गई। कोयला फाटक से कंठाल चौराहा एवं छत्री चौक मार्ग चौड़ीकरण के अंतर्गत 15 मीटर मार्ग चौड़ीकरण किया जाना है। जिससे भीड़भाड़ की वजह से ट्रैफिक स्थिति से राहत मिलेगी। इसी क्रम में कंठाल चौराहे से गणेश मंदिर तक के 12 भवनों की नपती का कार्य निगम के कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव, भवन अधिकारी राकेश वास्कले, उपयंत्री नरेश जैन द्वारा करते हुए नोटिस जारी किए गए। नगर निगम द्वारा वीडी क्लॉथ मार्केट से होते हुए तेलीवाड़ा तक चौड़ीकरण का कार्य भी तेज गति से चल रहा है। जिसमें 300 मीटर से अधिक लंबे इस मार्ग पर नगर निगम द्वारा 250 मीटर से अधिक मार्ग पर चौड़ीकरण का कार्य करते हुए रोड निर्माण कार्य किया जाना है। वर्तमान में डीएलसी का कार्य पूर्ण हो चुका है शेष बचे हिस्से पर भी समतलीकरण करते हुए रोड निर्माण कार्य पूर्ण किया जाएगा।
file photo-
