मकर संक्रांति के पूर्व किया श्रमदान,  पंडे पुजारी, दुकानदारों, तैराक दल सभी ने मिलकर रामघाट पर की घाटों की सफाई

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) मकर संक्रांति के पूर्व शिप्रा नदी पर सभी पंडे पुजारी, दुकानदारों एवं शिप्रा तैराक दल द्वारा श्रमदान किया गया। जिसके अंतर्गत रामघाट एवं शिप्रा नदी की सफाई की गई।

उत्तम गुरु अंगूठी वाला पंडा ने बताया कि नव वर्ष पर शिप्रा नदी पर पूजन अर्चन करवाने वाले सभी पंडे पुजारी, दुकानदारों एवं तैराक दल ने निर्णय लिया था कि हम सभी मिलकर प्रति सोमवार आने वाले श्रद्धालुओं की भावना को देखते हुए घाटों की सफाई किया करेंगे। उसी के अंतर्गत मकर संक्रांति के पूर्व सभी ने मिलकर रामघाट पर श्रमदान कर घाटों की सफाई की। यह निर्णय पूरे भारत देश में चल रहे स्वच्छता अभियान के अंतर्गत अपने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए एवं दूर-दूर से शिप्रा नदी पर नहान करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भावना को देखते हुए लिया है ताकि यहां पर जो भी श्रद्धालु आए वह एक अच्छा संदेश लेकर जाए और अपना शहर स्वच्छता अभियान में पहले स्थान पर आए ऐसी भावना के साथ में हमने यह यह स्वच्छता अभियान चलाया है।