इंदौर।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) भाजपा की नई घोषित कार्यकारिणी और निगम-मंडल के पदों की घोषणा को लेकर उलटी गिनती शुरू हो गई है। संगठन ने तय किया है कि एक व्यक्ति एक पद का फार्मूला लागू किया जाएगा। हर कार्यकर्ता को काम मिले, उसके आधार पर भी पद बांटे जाएंगे। भोपाल में लिफाफे खोलकर सूची बनाने का काम पर्यवेक्षकों ने शुरू कर दिया है, जिसकी घोषणा इस माह के अंत तक कर दी जाएगी।पहली बार भाजपा ने जिलों की कार्यकारिणी के लिए रायशुमारी की प्रक्रिया को अपनाया है। हेमंत खंडेलवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद तय किया गया है कि ऐसा कोई वरिष्ठ नेता नहीं बचे, जिसके पास कोई काम न हो। वरिष्ठ और जूनियर नेताओं को मिलाकर कार्यकारिणी घोषित होना है। इसमें अनुभव के साथ-साथ युवाओं का जोश भी शामिल किया जाएगा। भोपाल स्थित सूत्रों का कहना है कि रायशुमारी में पर्यवेक्षकों द्वारा जो लिफाफे कार्यालय में जमा करवाए गए थे, उनकी सूची बनाने का काम शुरू हो चुका है। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं को मिले वोट के आधार पर घटते क्रम में सूची बनाई जाएगी और उस पर विचार किया जाएगा।
शुरुआत निगम-मंडलों से हो सकती है। अभी वर्तमान में 48 निगम-मंडल खाली पड़े हुए हैं, जिन पर राजनीतिक नियुक्तियां होना है। इसमें सत्ता और संगठन का तालमेल देखने को मिलेगा। यह भी देखा जाएगा कि एक व्यक्ति को एक पद ही दिया जाएगा। अगर वह पहले से संगठन में किसी पद पर है तो उसे उसी पद पर रहने दिया जाएगा। निगम-मंडलों में पिछली बार जो अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाए गए थे, उन्हें रिपीट नहीं किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया इतनी गोपनीय रखी जा रही है कि भोपाल स्थित कार्यालय में भी सुगबुगाहट नहीं लग रही है।