कांग्रेस को एक और झटका, यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश परमार ने थामा भाजपा दामन,अयोध्या का आमंत्रण ठुकराने से थे नाराज

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस को एक और झटका लगा। यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश परमार राधू दा ने अपने हजारों समर्थकों के साथ 22 अप्रैल सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोकसभा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा नगर उपाध्यक्ष मुकेश यादव की अगुवाई में राजेश परमार ने संभागीय मीडिया चुनाव कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं अनिल फिरोजिया ने राजेश परमार को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर भाजपा की सदस्यता प्रदान की।

यह था मुख्य कारण

राजेश परमार ने कहा कि मैं करीब 35 वर्षों से कांग्रेस पार्टी की सेवा करता रहा। लेकिन कांग्रेस द्वारा राम मंदिर के आमंत्रण को ठुकरा देने से उनकी भावनाएं आहत हुईं। अयोध्या में रामलला के प्रतिष्ठा महोत्सव का आमंत्रण कांग्रेस पार्टी ने ठुकरा दिया, वहीं अब तक कांग्रेस के शीर्ष नेता भगवान श्रीराम के दर्शन करने तक नहीं गए। राजेश परमार ने भाजपा की रीति नीति को समझते हुए, कांग्रेस जैसी पार्टी को त्याग कर भाजपा ज्वाइन की। राजेश परमार ने प्रण किया कि सदैव भाजपा के साथ तन मन धन से एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के आदेश पर कार्य करते रहेंगे।

राजेश परमार राधू दा माकड़ोन की सदस्यता ग्रहण करने के अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, नगर अध्यक्ष विवेक जोशी, जिलाध्यक्ष बहादुर सिंह बोरमुंडला, प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसौदिया, सनवर पटेल, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी सचिन सक्सेना, रवि सोलंकी, उमेश सेंगर, प्रमोद भट्ट, विनोद सोनी, राकेश सोलंकी, विजय बांगड़ निलेश यादव, बबलू यादव आदि मौजूद रहे। यह जानकारी भाजपा के नगर जिला कार्यसमिति सदस्य प्रमोद भट्ट ने प्रदान की।