श्री महाकालेश्वर भगवान की षष्ठम सवारी में नवीन रथ पर भगवान के श्री घटाटोप स्वरूप के हुए  दर्शन

 उज्जैन 14 अगस्त 2023 |(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) अधिक मास के चलते इस वर्ष श्री महाकालेश्वर भगवान की  10 सवारी निकलेगी। तीनों लोकों में पूजनीय बाबा श्री महाकाल की श्रावण-भाद्रपद माह में निकलने वाली सवारी की प्रतीक्षा सम्पूर्ण संसार करता हैं। जब श्री महाकालेश्वर भगवान अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए निकलते हैं। भक्त भी उनकी मनमोहक छवि के दर्शन कर रोमांचित हो उठते हैं |
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक एवं अपर कलेक्टर संदीप सोनी ने बताया कि, श्रावण माह की चार, अधिक माह की चार, और भाद्रपद माह की दो सवारियां मिलाकर कुल 10 सवारियों में भगवान श्री महाकालेश्वर विविध मोहक रूपों में भक्तो का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकले। इस वर्ष २०२३ में श्रावण अधिक माह होने से १० सवारियाँ निकलेगी |
इस हेतु मंदिर प्रबंध समिति द्वारा दानदाता के सहयोग से २ नवीन रथ तैयार किये गए है | जिसमे से एक रथ पर भगवान श्री महाकालेश्वर श्री घटाटोप स्वरुप में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकले |
आज सवारी निकलने के पूर्व परिसर में रथ का विधिवत पूजन किया गया | पूजन श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुरोहित श्री राधेश्याम शास्त्री ने संपन्न करवाई | इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबन्ध समिति के सहायक प्रशासक  मूलचंद जुनवाल, कोठारी  मनीष पांचाल आदि उपस्थित थे
मार्ग में श्रद्धालुओं ने जय श्री महाकाल के घोष के साथ पुष्प वर्षा की |
भगवान श्री महाकालेश्वर जी  घटाटोप स्वरूप पालकी में सवार होकर अपनी प्रजा का हाल जानने और भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकले। पालकी जैसे ही श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य् द्वार पर पहुंची सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा पालकी में सवार श्री चन्द्रमोलेश्वर को सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दी गई। सवारी मार्ग में स्थान-स्थान पर खडे श्रद्धालुओं ने जय श्री महाकाल के घोष के साथ उज्जैन नगरी के राजा भगवान श्री महाकालेश्वर पर पुष्पवर्षा की।