राज्यसभा की 57 सीटों पर 10 जून को मतदान, उम्मीदवार को लेकर भाजपा-कांग्रेस में राय-शुमारी

दिल्ली।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) राज्यसभा की 57 सीटों पर 10 जून को मतदान होना है। भाजपा के 25 सांसद रिटायर हो रहे हैं और विधायकों के समीकरण के आधार पर 22 सीटों पर भाजपा की सीट लगभग तय है। ऐसे में भाजपा को 3 सीटों का नुकसान होगा। इस बार भाजपा अपने कई उम्मीदवारों को भी बदल सकती है।

विधानसभा में दलीय स्थिति को देखते हुए मध्यप्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, झारखंड, बिहार, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश में भाजपा के सीटें जीतने की स्थिति में राज्यसभा से केंद्रीय मंत्री बने पीयूष गोयल, मुख्तार अब्बास नकवी, निर्मला सीतारमण को टिकट मिलना तय है और इन्हें सुरक्षित सीटों से उतारा जाएगा।

आज भाजपा की सूची

भाजपा संभवत: आज या कल में उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर देगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पास उम्मीदवारों की सूची पहुंच चुकी है। जिन लोगों को टिकट दिया जाना है उनमें राधामोहन अग्रवाल, जुगलकिशोर, लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सैयद जफर इस्लाम, शिवप्रताप शुक्ला, संजय सेठ, प्रियंका रावत आदि शामिल हैं।

आसान नहीं कांग्रेस की राह, कई नामों पर मतभेद

राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा की सूची तैयार है, वहीं कांग्रेस में अभी कई नामों पर मतभेद है। झारखंड में कांग्रेस जेएमएम के भरोसे अपना उम्मीदवार उतार रही है। उधर पी. चिदंबरम, गुलाम नबी आजाद के नाम पर भी पार्टी में मतभेद है।