योगी निर्मल नाथ उज्जैन आए, भर्तृहरिगुफा, महाकाल दर्शन किए

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) योगी श्री निर्मलनाथ जी महाराज तीन पीर योगी महंतों के साथ बुधवार को धार्मिक यात्रा करते हुए उज्जैन आए। इस दौरान उन्होंने उज्जैन में नाथ सम्प्रदाय के प्रमुख तीर्थ स्थल भर्तृहरि गुफा व ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में जाकर दर्शन, पूजन किया।

भर्तृहरि गुफा उज्जैन के महंत पीर योगी महंत श्री रामनाथ महाराज ने बताया कि योगी निर्मलनाथ जी महाराज नाथ सम्प्रदाय में राजा की पदवी पर विराजित है। इनका मठ मेंगलौर मंजूनाथ मंदिर कर्नाटक में है। वर्तमान में वे धार्मिक यात्रा पर भ्रमण करते हुए उज्जैन पधारे हैं। राजा के साथ कर्नाटक से पीर योगी भयंकरनाथ महाराज, पीर योगी सिंगनाथ महाराज एवं पीर योगी शिवनाथ महाराज भी आए है। राजा व सभी पीर महंतों ने ऋणमुक्तेश्वर महादेव एवं मां बगलामुखी धाम भैरवगढ़ रोड पहुंचकर देव-दर्शन किए। राजा व पीर महंत सभी चारधाम की यात्रा करते हुए उज्जैन आए है। उज्जैन में नाथ सम्प्रदाय की ओर से भर्तृहरि गुफा के महंत पीर योगी श्री रामनाथ महाराज ने राजा व पीर महंतों का स्वागत सत्कार किया व दर्शन कराए। महंत पीर योगी श्री रामनाथ महाराज ने बताया कि नासिक में लगने वाले कुंभ मेले में 12 वर्ष में एक बार नाथ सम्प्रदाय में राजा की पदवी पर महंत का चयन किया जाता है। परंपरा अनुसार राजा को समुद्र में स्नान कराकर व अन्य विधि संपन्न कर राजा की पदवी सौंपी जाती है। इसके बाद वे पूरी जमात के साथ कई किलो मीटर की पैदल यात्रा करते हुए नासिक से अपने कर्नाटक स्थित मठ पर पहुंचते हैं।