सीएम शिवराज ने 11 दीपक जलाकर किया शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव का शुभारंभ, महाकालेश्वर मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी)  आज महाशिवरात्रि पर्व पर मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी है, देशभर से श्रद्धालु आज उज्जैन पहुंचे । वही महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान  भी उज्जैन पहुंचे, भगवान महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन में सीएम शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव में शामिल हुए।

उज्जैन में शिव ज्योति अर्पणम् महोत्सव शुरू हुआ। इसके तहत 21 लाख दीपक जलाए गए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्नी साधना सिंह  के साथ 11 दीपक जलाकर शुरुआत की। इसके बाद सायरन बज गया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने दीपक जलाना शुरू कर दिया। यहां गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की 5 सदस्यीय टीम भी मौजूद थी। यहां 5 ड्रोन से निगरानी की जा रही है।  इस अलौकिक और विहंगम नजारे को देखने के लिए सीएम शिवराज सिंह, उनकी पत्नी साधना सिंह और मंत्री मोहन यादव ने नौका बिहार किया।

महाशिवरात्रि पर सुबह 3 बजे से ही महाकाल मंदिर के पट खोले गए। सबसे पहले भस्म आरती हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पट खुलते ही चार धाम मंदिर पर श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। पुलिस के मेटल डिटेक्टर और कुछ बैरिकेड्स गिर गए। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि भस्म आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए पट खोले गए, तब यह स्थिति बनी थी। यह स्थिति ज्यादा देर नहीं रही, पुलिस-प्रशासन ने व्यवस्था संभाल ली।

भगवान महाकाल की भस्म आरती में सबसे पहले पुजारियों ने जल चढ़ाया। इसके बाद पंचामृत अभिषेक पूजन ,दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से अभिषेक किया गया। भांग से अद्भुत श्रृंगार किया गया। सुबह 5.30 बजे से आम भक्तों ने दर्शन करने शुरू किए। शाम 6 बजे तक करीब 4 लाख 10 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।