मुख्यमंत्री एवं जिला कलेक्टर से की मांग,मिट्टी के दिये बेचने वालों से शुल्क न वसूलें नगर निगम

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी)  मिट्टी के दिये बनाकर बेचने वालों से नगर निगम शुल्क न वसूलें, दीपोत्सव के इस पर्व पर सड़कों पर बैठकर अपनी रोजी रोटी चलाने वालों को सरकार तथा जिला प्रशासन राहत दें ताकि मिट्टी के दियों को बढ़ावा मिले तथा इनके प्रति सम्मान का भाव हम व्यक्त कर सकें।

उक्त मांग भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश टटवाल ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, जिला कलेक्टर तथा निगमायुक्त से की है। मुकेश टटवाल ने कहा कि दीपावली का पर्व आने को हैं तथा बाजार दीपोत्सव से गुलजार है। दीपावली के पर्व के अवसर पर मिट्टी के दिये बनाने वाले गरीब लोग जो बाजारों में मोहल्लों में बिक्री करते हैं। मिट्टी के दियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व इनके प्रति सम्मान का भाव व्यक्त करते हुए मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मांग है कि प्रदेशभर में इनका लगने वाले शुल्क नहीं लिया जावे। वहीं उज्जैन जिला कलेक्टर से मांग की कि उज्जैन नगर पालिक निगम, नगर पंचायत, नगर परिषद को निर्देशित करें कि नगर निगम पालिक द्वारा वसूला जाने वाला शुल्क नहीं लिया जावे। जिससे इन लोगों के प्रति शासन का सहयोग होगा व सम्मान का भाव प्राप्त होगा। इसके साथ ही मुकेश टटवाल ने आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि दीपोत्सव पर अपने घरों पर मिट्टी के दिये ही जलाएं, चायना के आयटमों का उपयोग न करें, न ही भगवान के फोटो लगे पटाखे जलाएं। सनातन संस्कृति के महापर्व दीपोत्सव पर हम अपने धर्म संस्कृति को सुदृढ़ बनाएं।