निगम से करोड़ों की सब्सिडी डकार, बसें भी ले भागा ठेकेदार

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) नगर निगम के भ्रष्ट व लापरवाह अधिकारियों की मिलीभगत से शासन व निगम से प्राप्त करोड़ों की सब्सिडी डकार कर बसें भी लेकर ठेकेदार भाग गया है। निगम व शासन की करोड़ों रुपए की सब्सिडी का घोटाला करने में शामिल निगम अधिकारियों पर तत्काल एफ आई आर की जाए।
उक्त मांग करते हुए शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष विवेक यादव ने बताया कि उज्जैन नगर निगम के द्वारा अंतर राज्य विभिन्न मार्गों पर चलाने के लिए निगम के द्वारा 10 बसें खरीदी गई थी। 45 लाख की एक बस व साढ़े चार करोड़ की 10 बसें निगम द्वारा खरीदी गई जिन्हें एक करोड़ 70 लाख रूपए की सब्सिडी देकर ठेकेदार को दी गई। जिसमें यह शर्त मुख्य रूप से रखी गई थी की सब्सिडी 7 साल तक नियमित बसें चलाने की जिम्मेदारी पर ही दी जा रही है अगर बसों का संचालन 7 वर्ष तक नहीं किया गया तो बसे जप्त कर सब्सिडी भी जप्त की जाएगी। किंतु नियमों को धत्ता बताते हुए बस ठेकेदार ने बस संचालन व्यवस्था के जिम्मेदार अधिकारी सुनील जैन, विजय गोयल की मिलीभगत से करोड़ों रुपए की सब्सिडी तो डकार ली तथा बसें भी लेकर उज्जैन से भाग गए। इसके लिए बाकायदा परिवहन कार्यालय उज्जैन से अनापत्ति प्रमाण प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया व 1 नवंबर को अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त कर 10 ही बसें जिनमें से 8 मुंबई तथा 2 बस पुणे में रजिस्टर्ड करवा ली गई है और वहां पर चलाई जा रही है। विवेक यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन व नगर निगम उज्जैन के करोड़ों रुपए का घोटाला करने वाले अधिकारियों व जिम्मेदारों पर एफ आई आर दर्ज कर पूरे प्रकरण की सूक्ष्मता से जांच करने की मांग मुख्यमंत्री से भी की जाएगी।

FILE PHOTO-