उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) संत कंवर के हृदय के तार साक्षात ईश्वर से जुड़े हुए थे। वे हमेशा गरीबों, दुखियों और रोगियों की चिंता करते थे। उनके कंठ में साक्षात मां सरस्वती का वास था। उन जैसे मनीषी सदियों में कोई एक बार जन्म लेते हैं। यह बात मुख्य वक्ता दौलत खेमचंदानी ने कही। वे राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद नई दिल्ली और प्रतिकल्पा सांस्कृतिक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित व्याख्यान में बोल रहे थे।
सिंधी भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से स्वामी लीलाशाह सिंधी धर्मशाला में आयोजित यह कार्यक्रम संत शिरोमणि कंवरराम साहिब के जीवन पर केंद्रित था। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षाविद चिमन दास लखानी ने की। द्वितीय वक्ता के रूप में वरिष्ठ नाट्य निर्देशक कुमार किशन ने अपने विचार व्यक्त किए।
भजनों की दी सुमधुर प्रस्तुति
इस अवसर पर भजन गायिका राधिका दांदवानी और वीना परसवानी ने संत कंवरराम के गाए भजनों की सुमधुर प्रस्तुति दी। भजनों में ढोलक पर विजय गांगुलिया और केसियो पर बबलू भाई ने संगत की।
इससे पूर्व संस्था निदेशक डॉ. पल्लवी किशन ने स्वागत भाषण दिया। अतिथियों का स्वागत अनीता राजवानी, विजय भागचंदानी और रोहित सामदानी ने किया। कार्यक्रम में दीपक बेलानी,जगदीश राजवानी के साथ अंत में संयोजक राजकुमार परसवानी ने आभार माना।
