इंडिगो की फ्लाइट रात 10:30 बजे इंदौर से मुंबई रवाना होती है। उड़ान के कुछ देर पहले एयरपोर्ट पर सूचना मिली कि जोबट थाने में दर्ज शिकायत से जुड़े मामले में हिमानी राठौर नाम की युवती दो युवकों के साथ मुंबई जा रही है। इसके बाद टर्मिनल मैनेजर कार्यालय के कर्मचारियों और सीआईएसएफ ने यात्रियों की जांच शुरू की। उस समय विमान में यात्रियों की बोर्डिंग चल रही थी। हिमानी के साथ रेहान और सावन नाम के दो युवक भी विमान में सवार होने के लिए एयरोब्रिज तक पहुंच चुके थे। इसी बीच सीआईएसएफ की टीम तेजी से मौके पर पहुंची और तीनों को एयरोब्रिज से वापस बाहर लेकर आई। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस को तीनों सौंप दिए गए। तीनों ने तीन दिन पहले ही टिकट बुक करवा लिए थे।
साथ में पढ़ते थे दोनों
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रेहान के पिता जियाउद्दीन मकरानी क्षेत्र के निवासी हैं। वहीं हिमानी पिता मुकेश राठौर जोबट की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि दोनों वर्ष 2021 से पहले साथ में पढ़ते थे। कल दोपहर हिमानी अपने घर के पीछे के दरवाजे से निकल गई थी। इसके बाद से हंगामा हुआ और थाने में शिकायत की गई।
जोबट में था तनाव
बताया जा रहा है कि आलीराजपुर जिले के जोबट थाने में कल दिन में हिमानी के लापता होने और कथित लव जिहाद को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस मामले को लेकर जोबट में तनाव की स्थिति बनने की भी जानकारी सामने आई है। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि युवती को इंदौर से मुंबई ले जाया जा रहा है और वहां उसकी शादी कराने की तैयारी है।
