उज्जैन |(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) राष्ट्र सेविका समिति, उज्जैन विभाग द्वारा समिति के 90 वर्ष (नवति पूर्णम्) होने और विजयादशमी उत्सव के उपलक्ष्य में 16 अक्टूबर को भव्य प्रकट कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम नीलगंगा रोड स्थित लोकमान्य तिलक विद्यालय मैदान पर शाम 4 से 6 बजे तक आयोजित होगा।
आयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय प्रमुख कार्यवाहिका अन्नदानम सीता अक्का उपस्थित रहेंगी। वे महिलाओं को राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका, भारतीय संस्कृति व संस्कारों के संरक्षण और समाज जीवन में महिलाओं के योगदान विषय पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगी।
आयोजकों ने बताया कि प्रकट कार्यक्रम में प्रस्तुतियां देने वाली बहनों को दोपहर 2:30 बजे ही कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होना होगा। समिति ने अपनी दीर्घकालीन संगठनात्मक यात्रा और राष्ट्रसेवा के संकल्प को स्मरण करते हुए मातृशक्ति एवं शहरवासियों से इस गरिमामय आयोजन में शामिल होने का आह्वान किया है। यह कार्यक्रम समाज में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकता और महिलाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास का संदेश देगा।
