शिवपुरी।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में सिरसौद और हिम्मतपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को 8 देशी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार हथियार नीले बैग में छिपाकर ले जाए जा रहे थे। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत जांच जारी है।पुलिस के मुताबिक, दतिया का 20 वर्षीय युवक अवैध हथियारों की खेप के साथ पकड़ा गया। सिरसौद थाना पुलिस और हिम्मतपुर चौकी की संयुक्त टीम ने खोरघार की पुलिया के पास कार्रवाई करते हुए अंशुल अहिरवार को पकड़ा। उसके नीले रंग के बैग से 32 बोर की 8 देशी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। जब्त हथियारों की कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई गई है।
बैग में रखी थीं 8 पिस्टल और 10 कारतूस
पुलिस के अनुसार, आरोपी अंशुल पुत्र हरपाल सिंह अहिरवार ग्राम छता, थाना बड़ौनी का रहने वाला है। वह वर्तमान में दतिया के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सिद्धार्थ कॉलोनी में रह रहा था। खोरघार की पुलिया के पास पुलिस टीम ने उसे पकड़ा और तलाशी ली। इस दौरान उसके पास मौजूद नीले रंग के बैग से 8 देशी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस मिले।
पूछताछ में साथियों के नाम बताए
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अंशुल ने हथियारों की सप्लाई से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। ये लोग फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था, इसकी जानकारी जुटाने के लिए हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है।
