रवि योग में बप्पा की विदाई, इस बार 12 दिवसीय रहा गणेश उत्सव, अनंत चतुर्दशी पर सम्मान से करें मंगलमूर्ति का विसर्जन

इंदौर।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) श्री गणेश चतुर्थी से शुरू हुआ गणेशोत्सव अंतिम चरण में पहुंच चुका है।अनंत चतुर्दशी के दिन गणपति बप्पा को भावभीनी विदाई दी जाएगी और पूर्ण विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। अनंत चतुर्दशी पर रवि योग भी रहेगा।

पिछले 14 सितंबर को भक्तों के घर-घर और पंडालों में भगवान श्रीगणेश की स्थापना की गई थी। कई घरों में परंपरा अनुसार गणपति की प्रतिमाओं का डेढ़ दिन, तीन दिन, पांच दिन या सात दिन बाद ही विसर्जन किया जा चुका है, लेकिन अधिकांश परिवारों और बड़े पंडालों में गणेश प्रतिमा की विदाई  अनंत चतुर्दशी के दिन की जाएगी भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर अनंत चतुर्दशी का पर्व मनाया जाता है। अनंत चतुर्दशी के दिन रवि योग का भी निर्माण हो रहा है। रवि योग में किए गए शुभ कार्यों का विशेष फल प्राप्त होता है। ऐसे में अनंत चतुर्दशी भक्तों के लिए विशेष फलदायी रहेगी। गणेशजी की मूर्ति का विसर्जन सम्मान के साथ पास की बहती पवित्र नदी, तालाब या समुद्र में विसर्जित करें। यदि आप घर पर ही विसर्जन कर रहे हैं, तो उत्तर-पूर्व (ईशान कोण), उत्तर या पूर्व दिशा में एक साफ जल से भरे पात्र में मूर्ति का विसर्जन करना शुभ रहेगा ।

आज लगेगी चतुर्दशी तिथि कल रात तक रहेगी
पंचांग के मुताबिक भाद्रपद शुक्ल चतुर्दशी तिथि 24 सितंबर की रात 11 बजकर 18 मिनट से आरंभ होगी और 25 सितंबर की रात 11 बजकर 6 मिनट पर समाप्त होगी। उदयातिथि के आधार पर अनंत चतुर्दशी 25 सितंबर शुक्रवार को मनाई जाएगी और कल ही बप्पा का विसर्जन किया जाएगा।

 रवि योग के साथ विभिन्न शुभ संयोग भी
अनंत चतुर्दशी के दिन शुभ रवि योग सुबह 6.11 बजे से 11.22 बजे तक रहेगा। धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताओं में इस योग को शुभ माना जाता है, वहीं शूल योग सुबह से दोपहर 2.51 बजे तक रहेगा और इसके बाद गण्ड योग शुरू होगा, वहीं शतभिषा नक्षत्र सुबह 11.22 बजे तक रहेगा, फिर पूर्व भाद्रपद नक्षत्र लग जाएगा।

यह है विसर्जन और पूजा का शुभ समय
प्रात काल मुहूर्त (चर, लाभ, अमृत): सुबह 06:11 बजे से सुबह 10:42 बजे तक
अपराह्न मुहूर्त (शुभ): दोपहर 12:13 बजे से दोपहर 01:43 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त: दोपहर 11:48 बजे से दोपहर 12:36 बजे तक
अपराह्न मुहूर्त (चर): शाम 04:44 बजे से शाम 06:14 बजे तक
रात्रि मुहूर्त (लाभ): रात 09:14 बजे से रात 10:43 बजे तक