उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) श्रावण मास के पवित्र अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर के गादीपति एवं मुख्य पुजारी विनीत गिरी महाराज ने धर्म ध्वजा थमाकर 84 महादेव, नवनारायण और सप्तसागर दर्शन पूजन यात्रा का शुभारंभ किया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंडी अध्यक्ष बहादुर सिंह बोरमुंडला के नेतृत्व में यह यात्रा विगत 12 वर्षों से निकाली जा रही है। यात्रा के पहले दिन श्रद्धालुओं ने 84 महादेव श्रृंखला के प्रथम श्री अगस्तेश्वर महादेव के दर्शन और पूजन कर धर्म लाभ लिया।
यात्रा संयोजक बहादुर सिंह बोरमुंडला को धर्म ध्वजा सौंपते हुए विनीत गिरी महाराज ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि महाकाल वन क्षेत्र में निवास करते हैं। पवित्र श्रावण मास में 84 महादेव के दर्शन और पूजन से श्रद्धालुओं को स्वर्गारोहण की प्राप्ति होती है। अगस्तेश्वर महादेव के दर्शन के पश्चात यात्रा उज्जैन शहर के विभिन्न 84 महादेव मंदिरों में पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने अभिषेक एवं पूजन किया। सभी यात्रियों का दोपहर का भोजन खाक चौक स्थित वैदेही गार्डन में संपन्न हुआ, जिसके बाद श्रद्धालु पुनः आगे की दर्शन यात्रा पर निकल पड़े।
इस धार्मिक यात्रा की विशेषता यह है कि श्रद्धालु स्वयं के दोपहिया वाहनों से इसमें शामिल होते हैं। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में मातृशक्ति भी पूर्ण उत्साह के साथ सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करती है। यात्रा समिति के सदस्य कैलाश बोड़ाना ने बताया कि दूसरे दिन की यात्रा जैथल स्थित श्री दुरदुरेश्वर महादेव के दर्शन पूजन से प्रारंभ होगी। इसके बाद यात्रा पिंगलेश्वर, करोहन और अंबोदिया होते हुए पुनः उज्जैन शहर में प्रवेश करेगी।
