स्कूली शिक्षा में छिपे इतिहास और संस्कृति से बच्चों को रूबरू कराने की पहल, विहिप कार्यालय में 34 दुर्गा वाहिनी बहनों ने लिया प्रशिक्षण

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) ‘संस्कारित बच्चे, समर्थ राष्ट्र की नींव’ के संकल्प के साथ विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी द्वारा महानगर में एक दिवसीय बाल संस्कार अभ्यास वर्ग का आयोजन किया गया। विहिप कार्यालय में आयोजित इस वर्ग में 34 बहनों ने हिस्सा लिया। इन बहनों को जिले के विभिन्न प्रखंडों और खंड स्तर पर निःशुल्क बाल संस्कार केंद्र संचालित करने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
स्कूली पाठ्यक्रम की कमियों को करेंगे दूर
दुर्गा वाहिनी की जिला संयोजिका प्रियंका सिंह परमार ने बताया कि जिले के लगभग 15 प्रखंडों में गुरुकुल की तर्ज पर यह निःशुल्क बाल संस्कार केंद्र शुरू किए जाएंगे। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी संस्कृति, धर्म और वास्तविक इतिहास से जोड़ना है। वर्तमान में स्कूलों में बच्चों को रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्या देवी, महाराणा प्रताप और भगत सिंह जैसे शूरवीरों के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं दी जा रही है। स्कूलों में छिपाई जा रही इसी ऐतिहासिक जानकारी और संस्कारों को बच्चों तक पहुंचाने के लिए यह पहल की गई है।
आत्मरक्षा और नैतिक मूल्यों का मिला ज्ञान
अभ्यास वर्ग के दौरान बहनों को इन केंद्रों के कुशल संचालन के लिए वैचारिक और व्यावहारिक ज्ञान दिया गया। उन्हें शस्त्र चलाने, आत्मरक्षा करने, देशभक्ति गीत, मानवीय संस्कार, नैतिक मूल्य और शारीरिक खेलों का प्रयोगात्मक अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के बाद सभी बहनों को ‘बाल संस्कार मार्गदर्शिका’ पुस्तकें भी भेंट की गईं ताकि वे बच्चों को बेहतर ढंग से शिक्षित कर सकें।
चार सत्रों में संपन्न हुआ प्रशिक्षण
यह अभ्यास वर्ग कुल चार सत्रों में संपन्न हुआ। प्रथम सत्र का शुभारंभ मातृशक्ति विभाग संयोजिका लता चौहान ने किया, जिसमें उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बाल संस्कार केंद्रों की आवश्यकता पर जोर दिया। द्वितीय सत्र में दीपांशी उपाध्याय और वैष्णवी ने बहनों को संस्कार केंद्रों की आदर्श आचार पद्धति और देशभक्ति गीतों का अभ्यास कराया। वहीं, तृतीय सत्र में प्रियंका परमार और रितु कपूर के सानिध्य में नैतिक मूल्यों और शारीरिक खेलों का प्रशिक्षण दिया गया। समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में विहिप के प्रांत मंत्री विनोद शर्मा उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान जिला अध्यक्ष राजेश आंजना, जिला मंत्री यशवंत सिंह ठाकुर, मातृशक्ति विभाग संयोजिका लता चौहान, जिला उपाध्यक्ष रितु कपूर, दुर्गा वाहिनी जिला संयोजिका प्रियंका सिंह परमार, प्रखंड संयोजिका वैष्णवी शर्मा, दीपांशी उपाध्याय, अनुष्का और सह संयोजिका चंदा माली सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *