राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका , मध्य प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द

भोपाल:(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया गया है. रिटर्निंग ऑफिसर ने उनका पर्चा रद्द कर दिया. बीजेपी ने नामांकन फॉर्म पर आपत्ति जताई थी और आरोप लगाया था कि इसमें जानकारी छिपाई गई है. आरोप लगाया गया कि उन्होंने क्रिमिनल केस की जानकारी नहीं दी. मीनाक्षी नटराजन को सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों का करीबी माना जाता है.

पार्टी सांसद विवेक तन्खा ने क्या कहा?
इस बीच पार्टी के सीनियर नेता, राज्यसभा सांसद और जाने माने वकील विवेक तन्खा ने एक्स पोस्ट में कहा, “मीनाक्षी नटराजन जी के नॉमनोनेशन के बारे में भ्रम फैलाया जा रहा है . कोई क्रिमिनल केस रजिस्टर्ड नहीं है. मात्र एक नोटिस आया है कि उनके और अन्य लोगों के खिलाफ 10 करोड़ कंपनसेशन की कार्यवाही क्यों ना की जाए. जिस नोटिस का मीनाक्षी जी के वकील ने जवाब दिया है. FIR दर्ज नहीं है.”

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने एक्स पोस्ट में कहा, “मध्य प्रदेश के राज्य सभा चुनाव में कांग्रेस की सीट हड़पने के लिए भाजपा राजनीति की सभी मर्यादाएँ तोड़ने में जुटी है. पहले तो कांग्रेस विधायकों वाली फ्लाइट को जानबूझकर लंबे समय तक उड़ने की इजाज़त नहीं दी. दूसरे , कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन के ख़िलाफ़ द्वेषपूर्ण तरीके से आपत्ति दर्ज कराई. और फिर विधानसभा परिसर में भाजपा नेताओं ने हंगामा किया. लेकिन भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस उनके इन हथकंडों से डरने वाली नहीं है. भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी.”