उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) रीवा में दो आर्यिका माताओं के साथ हुई दुर्घटना के विरोध में सकल जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने उज्जैन स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर पर संत सुरक्षा अधिनियम पारित करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने मामले में विशेष जांच कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया है।
मीडिया प्रभारी सचिन कासलीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव मामले से पूरी तरह अवगत थे। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से गंभीरता से चर्चा करते हुए कहा कि इस घटना की जांच के लिए एक विशेष कमेटी बनाई जाएगी। शासन स्तर पर साधु-संतों की सुरक्षा और मदद के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे, जिसकी जानकारी जल्द ही दी जाएगी। ज्ञापन स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने समाज को आश्वस्त किया कि वे सकल जैन समाज के साथ हैं। दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी और सरकार संतों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जैन समाज के अध्यक्ष अशोक जैन चायवाला, संजय मारू, ललित सेठी, धर्मेंद्र सेठी, अनिल कासलीवाल, अधिवक्ता राहुल जैन, कमल जैन मैत्री, हितेश सेठी, प्रसन्न बिलाला और दीप्ति गंगवाल सहित कई समाजसेवी उपस्थित थे।
एकजुटता का दिया था संदेश
उल्लेखनीय है कि रीवा की घटना के विरोध में 25 मई को उज्जैन सहित देशभर में जैन समाज द्वारा केंद्र व राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपे गए थे। उज्जैन में भी जैन धर्म के विविध पंथों के आचार्य, मुनि और आर्यिका माताओं ने एक मंच पर आकर समाज को एकजुटता का संदेश दिया था। इस दौरान पूर्व मंत्री, विधायक, पार्षदों सहित समाज के सभी वर्गों और संस्थाओं के पदाधिकारियों ने बिना किसी भेदभाव के एकजुट होकर अपनी बात रखी थी।
