आरपीएफ पुलिस के अनुसार, वंदे भारत ट्रेन के गुजरने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने पथराव कर दिया, जिससे कोच का कांच टूट गया। घटना से यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। आरपीएफ थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
संयुक्त रूप से मामले की जांच जारी
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पथराव करने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस और आरपीएफ संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रेलवे सुरक्षा से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
गदा पुलिया रेलवे ट्रैक के समीप हुई घटना
सुपर फास्ट वंदे भारत ट्रेन पर उज्जैन रेलवे स्टेशन से 200 मीटर दूर गदा पुलिया के समीप पथराव हुआ। रेल प्रशासन घटना के बाद सकते में आ गया और कैमरे चेक कर अज्ञात आरोपियों का पता किया जा रहा है। इस तरह वंदे भारत ट्रेन पर पथराव किए जाने की बड़ी घटना है। बताया जा रहा है कि इटारसी, भोपाल होते हुए उज्जैन आ रही वंदे भारत ट्रेन पर गदा पुलिया से नीलगंगा रेलवे ट्रैक के बीच पथराव हुआ था।
पीआरओ व आरपीएफ थाना प्रभारी का बयान
आरपीएफ थाना प्रभारी, नरेंद्र यादव ने कहा कि किसी को भी चोट नहीं आई, लेकिन पांच कोच की खिड़कियों को नुकसान हुआ है। अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। कैमरे चेक कर आरोपियों के बारे में पता किया जा रहा है। वहीं, रेलवे के पीआरओ मुकेश कुमार ने कहा कि अभी मुझे इस बारे में कोई जानकारी नही है।
